सीएम योगी ने आम महोत्सव का किया शुभारंभ- ‘योगी आम’ देख मुस्कुराए

  • लखनऊ के अवध शिल्पग्राम में सीएम योगी ने आम महोत्सव का उद्घाटन किया।
  • ‘योगी आम’ देखकर सीएम योगी मुस्कुराए, हाथ में लेकर खिंचवाई तस्वीर।
  • सेना को समर्पित ‘सिंदूर आम’ ने आकर्षित किया ध्यान, रंग है गहरा लाल।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीन दिवसीय ‘आम महोत्सव’ का उद्घाटन किया। अवध शिल्पग्राम में आयोजित इस उत्सव की शुरुआत खास अंदाज़ में हुई, जब सीएम योगी ने खुद आमों की विभिन्न वैरायटी देखीं, उन्हें हाथ में उठाकर परखा और खासियत जानी। इसी दौरान उन्होंने एक आम पर लिखा ‘योगी आम’ देखा, तो मुस्कुरा उठे और उसी आम को हाथ में लेकर तस्वीर भी खिंचवाई।

सीएम योगी ने एक भारी आम भी उठाया और उसका वजन पूछा। स्टॉल लगाने वाले किसान विनीत सिंह ने बताया कि वह आम करीब दो से ढाई किलो वज़नी था। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर सेना को समर्पित ‘सिंदूर आम’ की भी तारीफ की। स्टॉल संचालक शिव कुमार के अनुसार, जब सीएम पहुंचे तो उन्होंने पूछा – “इस बार क्या नया लाए हो?” जवाब मिला – “सेना को समर्पित सिंदूर नाम का आम लाए हैं।” इस पर सीएम योगी खासे खुश हुए।

‘योगी आम’ और ‘योगीराज’ भी चर्चा में

महोत्सव में ‘योगी आम’ के साथ-साथ ‘योगीराज’ नामक आम की किस्म भी आकर्षण का केंद्र रही। वहीं, सिंदूर आम को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के नाम पर एक विशेष पहचान दी गई है। इसके लाल रंग के चलते इसे सेना को समर्पित किया गया है।

किसानों को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने प्रगतिशील आम उत्पादकों को सम्मानित भी किया। इस बीच उन्होंने कृषि विपणन राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह की चुटकी लेते हुए कहा, “दिनेश सिंह ने सबसे पहले रायबरेली के किसान को सम्मानित कराया, पता नहीं रायबरेली में बाग है भी या नहीं।” इस पर उपस्थित लोगों में हल्की मुस्कान दौड़ गई।

800 किस्मों के आम और व्यंजनों की भरमार

इस महोत्सव में उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से आए किसानों ने 800 से अधिक किस्मों के आमों की प्रदर्शनी लगाई है। साथ ही आम से बने विशेष व्यंजन जैसे – आम का रसगुल्ला, आम की जलेबी, अचार, मुरब्बा, रस और अमावट जैसी चीजें भी बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। आयोजन में आम खाने की प्रतियोगिता भी कराई जाएगी, जिसमें नागरिक हिस्सा ले सकेंगे।

महोत्सव में अव्यवस्थाएं बनीं चुनौती

जहां एक ओर आम महोत्सव में विविधता और स्वाद का लुत्फ उठाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर आयोजन स्थल की अव्यवस्थाएं भी सामने आईं। अवध शिल्पग्राम में डस्टबिन न होने से जगह-जगह कचरा फैला देखा गया। इसके अलावा फर्श पर फैले पानी से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई आगंतुकों ने साफ-सफाई की कमी पर नाराजगी जताई।

निर्यात की दिशा में बड़ा कदम

महोत्सव के दौरान सीएम योगी ने यूपी में उत्पादित आमों को लंदन, दुबई और अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए निर्यात के लिए रवाना भी किया। इससे प्रदेश के आम उत्पादकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने की उम्मीद है।

Related Posts

लखनऊ में अगले 15 दिन रहेंगे गर्म, तापमान 30°C के पार

लखनऊ। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, आने वाले 15 दिनों तक लखनऊ में तापमान में 2 से 5 डिग्री की बढ़त होगी। इससे शहर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री…

Continue reading
बाघमऊ में सरकारी जमीन विवाद, तारा सिंह बिष्ट ने लगाया विधायक पर कब्जे का आरोप

बाघमऊ। जिले में सरकारी जमीन पर कथित कब्जा को लेकर एक विवादित ऑडियो सामने आया है। इसमें एक व्यक्ति खुद को तारा सिंह बिष्ट बता रहा है और सुभासपा विधायक…

Continue reading