- स्कूल वाहनों की पार्किंग अब परिसर में ही अनिवार्य
- पेरेंट्स के वाहनों के लिए स्कूलों में बनेगी पार्किंग
- छुट्टी के समय एक-एक कर छोड़े जाएंगे वाहन
आगरा। शहर में मेट्रो निर्माण कार्य के बीच बढ़ते ट्रैफिक दबाव और स्कूल खुलते ही जाम की गंभीर समस्या को देखते हुए डीसीपी ट्रैफिक अभिषेक अग्रवाल ने शहर के प्रमुख स्कूल प्रबंधकों के साथ बैठक की। बैठक में निर्णय लिया गया कि अब स्कूल की वैन, बसें, ईको और ऑटो छुट्टी व शुरुआत के समय स्कूल परिसर के अंदर ही पार्क की जाएंगी।
मेट्रो कार्य के कारण ट्रैफिक दबाव
एमजी रोड पर मेट्रो कार्य के चलते सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक ट्रैफिक का दबाव अधिक रहता है। ऐसे में स्कूलों के समय पर ट्रैफिक जाम और अव्यवस्था से निपटने के लिए दीवानी से सूरसदन, हरीपर्वत, सेंट जोंस से लोहामंडी और घटिया तक चार विशेष टीमें तैनात की गई हैं, जो छुट्टी के समय वाहनों को नियंत्रित करेंगी।
पेरेंट्स के वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था
बैठक में तय किया गया कि अभिभावकों के वाहनों के लिए भी स्कूल परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही छुट्टी के समय वाहनों को ब्रेक लेकर छोड़ा जाएगा, ताकि एक साथ भीड़ न हो और जाम की स्थिति न बने।
स्कूल वाहनों के दस्तावेज और फिटनेस अनिवार्य
ट्रैफिक पुलिस ने निर्देश दिए कि सभी स्कूल वाहन फिटनेस सर्टिफिकेट, पॉल्यूशन सर्टिफिकेट सहित जरूरी दस्तावेज पूरे रखें। नियमों की अवहेलना करने वाले वाहनों के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। इसके अलावा, ड्राइवरों का नियमित मेडिकल चेकअप भी अनिवार्य होगा।
ओवरलोडिंग पर सख्ती
वैन और बसों में तय क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। ट्रैफिक इंस्पेक्टरों को निर्देश दिया गया कि ऐसे मामलों पर कड़ी नजर रखें।
स्कूलों के बाहर तैनात होंगे ट्रैफिक वालंटियर
स्कूल प्रबंधकों को निर्देश दिए गए कि वे छुट्टी और स्कूल शुरू होने के समय ट्रैफिक वालंटियर या सिक्योरिटी गार्ड की तैनाती करें, ताकि यातायात सुचारु रूप से चलता रहे।
मीटिंग में शामिल प्रमुख स्कूल:
सेंट पीटर्स कॉलेज, डीबी संतोख सिंह खालसा इंटर कॉलेज, सेंट जोंस गर्ल्स इंटर कॉलेज, क्वीन विक्टोरिया गर्ल्स इंटर कॉलेज, बीडी जैन इंटर कॉलेज, सेंट पॉल्स इंटर कॉलेज, दिल्ली पब्लिक स्कूल, जीडी गोयंका पब्लिक स्कूल, होली पब्लिक स्कूल, सिंबोजिया स्कूल, सेंट एंथनीज जूनियर कॉलेज आदि।








