- ग्रामीण की डिजिटल पहचान का दुरुपयोग कर निकाले गए दो फर्जी लोन
- ओटीपी के जरिए आरोपी ने हासिल की ईमेल और निजी जानकारी
- टीवीएस क्रेडिट कंपनी ने भेजा 36 हजार रुपये का रिकवरी नोटिस
अंबेडकरनगर। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि गांव के ही युवक ने उसकी पहचान और दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल करते हुए निजी फाइनेंस कंपनी से दो बार लोन निकाल लिया। मामले में पहले साइबर थाने और पुलिस अधीक्षक से शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर अब साइबर क्राइम पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पहचान का किया गया दुरुपयोग, मोबाइल नंबर से खुली पोल
राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के सांती गांव निवासी धीरेंद्र ने वर्ष 2019 में एक ट्रैक्टर के लिए टीवीएस क्रेडिट कंपनी से ऋण लिया था, जिसे वह समय से चुका चुका है। इसके बाद वर्ष 2023 में एक मोबाइल खरीदने हेतु 13 हजार रुपये का छोटा लोन लिया। मोबाइल एक्टिवेशन के लिए ओटीपी गांव के युवक नीरज के मोबाइल पर मंगवाया गया था, जिससे नीरज को उसकी निजी जानकारी व ईमेल आईडी तक पहुंच मिल गई।
बिना जानकारी के दो बार निकाले लोन, रिकवरी नोटिस से खुली चोरी
पीड़ित के अनुसार पहला फर्जी ऋण 27 मई 2024 को 27,979 रुपये का निकाला गया, जिसमें मासिक किस्त 2,693 रुपये निर्धारित की गई। उसके खाते से अब तक तीन बार 295 रुपये की कटौती हो चुकी है। इसके बाद 30 मई 2024 को दूसरा लोन 5,790 रुपये का लिया गया। पूरा मामला तब सामने आया जब टीवीएस कंपनी ने 2 सितंबर 2024 को 36,246 रुपये का रिकवरी नोटिस भेजा।








