माझा कम्हरिया कटान संकट पर कांग्रेस का आंदोलन सफल

अम्बेडकरनगर। माझा कम्हरिया में सरयू नदी की कटान और बाढ़ से संकटग्रस्त ग्रामीणों की समस्या को लेकर कांग्रेस द्वारा चलाए गए आंदोलन को मिली सफलता को जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव ने जनसंघर्ष की ऐतिहासिक जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह केवल कांग्रेस की नहीं, बल्कि माझा कम्हरिया के 250 घरों में रहने वाले ग्रामीणों, महिलाओं, बच्चों और अनशन में शामिल सभी कांग्रेसजनों की सामूहिक जीत है।
होटल वैभव रेजीडेंसी में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि उन्हें सबसे पहले इस संकट की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से मिली, जिसके बाद उन्होंने तत्काल मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की और स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।
प्रशासनिक उपेक्षा के खिलाफ शुरू हुआ सत्याग्रह
कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि ग्रामीणों ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से वे कटान रोकने के लिए कई बार प्रशासन से गुहार लगा चुके थे, लेकिन कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई। पहले जहां नदी गांव से दो किलोमीटर दूर थी, आज वह महज 800 मीटर रह गई है। हालात को गंभीर मानते हुए कांग्रेस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर अनिश्चितकालीन अनशन और जल सत्याग्रह का रास्ता अपनाया।
उन्होंने कहा कि इस संघर्ष में माताओं, बहनों और बच्चों की भागीदारी अत्यंत प्रेरणादायक रही। सभी ने तपती धूप और बारिश की परवाह किए बिना आंदोलन को मजबूती दी। ग्रामीणों की एकजुटता और पत्रकारों द्वारा सतत समाचार प्रकाशन ने प्रशासन को जगाने का काम किया।
प्रशासन ने मानी मांग, तीसरे दिन समाप्त हुआ अनशन
कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि कांग्रेस पार्टी और ग्रामीणों के दबाव के चलते अपर जिलाधिकारी सदानंद गुप्ता ने कटान से स्थायी बचाव की दिशा में कार्यवाही का आश्वासन दिया, जिसके बाद तीसरे दिन अनशन समाप्त किया गया।
Back to top button