
Greater Noida। ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपने 13 वर्षीय इकलौते बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को घर से दूर सड़क किनारे स्थित तालाब में फेंक दिया। वारदात को छिपाने के लिए आरोपी ने बेटे के लापता होने की झूठी कहानी भी गढ़ दी, लेकिन पुलिस जांच में पूरा मामला खुल गया।
यह घटना बुधवार की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी पिता ने पहले बेटे की हत्या की और फिर शव को ठिकाने लगाकर घर लौट आया। इसके बाद उसने परिवार और आसपास के लोगों को बताया कि उसका बेटा अचानक लापता हो गया है। बच्चे के गायब होने की सूचना पर इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
CCTV फुटेज से खुला राज
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में बच्चा आखिरी बार अपने पिता के साथ दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस का शक गहराया और आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की गई।
पहले आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा। उसने कहा कि बेटा उसके एक दोस्त के पास है और वह उसे बरामद करवा देगा। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि सड़क किनारे एक तालाब में बच्चे का शव पड़ा हुआ है। शव मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी से दोबारा सख्ती से पूछताछ की, जिसके बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पूछताछ के दौरान आत्महत्या की कोशिश
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने अचानक चाकू निकालकर अपने गले पर वार कर आत्महत्या करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने तुरंत उससे चाकू छीन लिया और उसे काबू में किया। घायल अवस्था में आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
संपत्ति विवाद में परिवार को फंसाने की साजिश
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह संपत्ति विवाद को लेकर अपने परिवार से नाराज था। उसने परिवार के अन्य लोगों को फंसाने की नीयत से अपने ही बेटे की हत्या की साजिश रची। आरोपी चाहता था कि बच्चे की हत्या का आरोप परिवार के अन्य सदस्यों पर लगे और उन्हें कानूनी परेशानी का सामना करना पड़े।
गांव में पसरा मातम, लोग हैरान
घटना के बाद सिरसा गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग इस वारदात से स्तब्ध हैं। लोगों का कहना है कि कोई पिता अपने ही बेटे के साथ इतनी बेरहमी कैसे कर सकता है।
पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के स्वस्थ होने के बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।









