
- बीआरडी मेडिकल कॉलेज हॉस्टल में डॉक्टर अबीशो की संदिग्ध मौत
- पत्नी को भेजी थी आखिरी सेल्फी, लिखा “खाना खाने जा रहा हूं”
- कमरे से इंजेक्शन मिला, ओवरडोज से मौत की आशंका
गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर के हॉस्टल से शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई। एनेस्थीसिया विभाग में जूनियर रेजिडेंट (JR-3) डॉक्टर अबीशो डेविड (32) की लाश उनके हॉस्टल के कमरे में पाई गई। कमरे में इंजेक्शन पड़ा मिला, जिससे ओवरडोज से मौत की आशंका जताई जा रही है।
डॉ. अबीशो केरल के तिरुवनंतपुरम के रहने वाले थे। उनकी एक साल पहले शादी हुई थी और उनकी पत्नी डॉ. नीमिषा इस वक्त 8 महीने की गर्भवती हैं। अबीशो ने मौत से ठीक पहले अपनी पत्नी को सेल्फी भेजी थी और आखिरी मैसेज में लिखा – “खाना खाने जा रहा हूं।”
पत्नी को जैसे ही मिली खबर, चीख पड़ीं
डॉक्टर की मौत की खबर जैसे ही शुक्रवार सुबह केरल में मौजूद उनकी पत्नी को मिली, वह जोर से चीख पड़ीं। दोनों के रिश्ते बहुत गहरे थे। अबीशो अक्सर पत्नी के साथ बिताए पलों को सोशल मीडिया पर साझा करते थे।
किताबों से भरा कमरा और इंजेक्शन, लेकिन नहीं मिला सुसाइड नोट
कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। डॉक्टर की मौत पर सवाल उठ रहे हैं – क्या ये खुदकुशी थी या कोई सोची-समझी साजिश? मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने तीन सदस्यीय जांच टीम बनाई है।
दोस्तों ने बताया – सबसे होशियार, कभी ऐसा सोचा भी नहीं था
मेडिकल कॉलेज के छात्र व अबीशो के साथी सुनील ने बताया कि गुरुवार रात को उन्होंने साथ में भोजन किया था और फिर रात 2 बजे तक साथ पढ़ाई की। कोई भी ऐसा संकेत नहीं मिला था कि वह किसी तनाव में हैं।








