अम्बेडकरनगर। श्रावण मास के पहले ही सोमवार को जिलेभर में शिवालयों व शिव मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। भगवान शिव की आराधना को समर्पित इस विशेष दिन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। श्रद्धालु सुबह से ही जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और रुद्राभिषेक के साथ भोलेनाथ की आराधना करेंगे।
पूरे जिले में 90 से अधिक शिवालयों में तैयारियां पूर्ण
जिले के अकबरपुर, टांडा, जलालपुर, आलापुर, भीटी, जहांगीरगंज, बसखारी, हजपुरा और राजेसुल्तानपुर समेत अन्य सभी प्रमुख कस्बों व ग्रामीण अंचलों में स्थित 90 से अधिक शिवालयों में रविवार को ही साफ-सफाई, सजावट और रंग-रोगन का कार्य पूरा कर लिया गया। प्रत्येक मंदिर परिसर को श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुसार व्यवस्थित किया गया है।
सावन में केवल चार सोमवार, पहले ही दिन बढ़ेगा श्रद्धा का सैलाब
इस बार सावन मास में कुल चार सोमवार पड़ेंगे और माह का समापन 9 अगस्त को शनिवार के दिन होगा। ऐसे में पहले सोमवार को श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ उमड़ने की संभावना है। पूजन-अर्चन के लिए अनुकूल ग्रह-नक्षत्र भी बन रहे हैं। श्रावण माह की प्रतिपदा तिथि पर उत्तराषाढ़ा नक्षत्र का आरंभ सोमवार सुबह 5 बजकर 57 मिनट पर होगा, जिसके स्वामी सूर्य देव हैं। इसी माह 29 जुलाई को नागपंचमी का पर्व भी मनाया जाएगा।
शिवबाबा सहित अन्य मंदिरों में विशेष व्यवस्था
अकबरपुर नगर से सटे पवित्र शिवबाबा मंदिर की विशेष सफाई रविवार को ही कराई गई। मंदिर के महंत ओमप्रकाश गोस्वामी ने बताया कि पूरे सावन माह में जलाभिषेक की परंपरा रहती है, लेकिन सोमवार को श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में व्यवस्था के लिहाज से पहले ही तैयारी की गई है।








