
- पड़ोसी युवक ने वाट्सऐप ग्रुप में की आपत्तिजनक टिप्पणी
- अवैध संबंधों का झूठा लेटर भेजकर किया बदनाम
- पीड़िता की बेटियों ने डर से स्कूल जाना छोड़ दिया
लखनऊ। मड़ियांव इलाके में एक महिला मेडिकल अधिकारी को बदनाम करने के लिए उनके पड़ोसी द्वारा वाट्सऐप ग्रुप में आपत्तिजनक कमेंट किए जाने और फर्जी लेटर ऑफिस व मोहल्ले में भेजे जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की, जिस पर मड़ियांव थाने में FIR दर्ज कर ली गई है।
पीड़िता का कहना है कि इस घटना से न सिर्फ उनकी पेशेवर प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है, बल्कि उनके परिवार की सामाजिक छवि भी खराब हुई है। इस मानसिक दबाव के कारण उनकी बेटियों ने स्कूल और कोचिंग जाना तक छोड़ दिया है।
सोसाइटी के नाम पर बनाया ग्रुप, डालीं आपत्तिजनक टिप्पणियां
पीड़िता ने बताया कि पड़ोसी राहुल सिंह ने एक वॉट्सऐप ग्रुप बनाया, जिसमें 29 अप्रैल को उनके खिलाफ कई आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। विरोध करने पर उन्होंने मैसेज डिलीट तो कर दिए, लेकिन फिर भी लगातार तरह-तरह की अफवाहें फैलाना शुरू कर दिया।
ऑफिस और लोगों के घर भेजा फर्जी लेटर
महिला अधिकारी ने बताया कि आरोपी राहुल सिंह ने उनके अवैध संबंधों का झूठा जिक्र करते हुए एक पत्र तैयार किया और उसे न सिर्फ उनके ऑफिस में, बल्कि मोहल्ले के कई घरों में भी भिजवा दिया। इससे परिवार को बदनामी का सामना करना पड़ा और उनकी बेटियों (20 व 16 वर्ष) ने बदनामी के डर से घर से निकलना तक बंद कर दिया है।
शिकायत पर बहन ने की गाली-गलौज
पीड़िता ने बताया कि जब उन्होंने राहुल सिंह की शिकायत की, तो आरोपी की बहन अर्चना ने उन्हें गालियां दीं और धमकी दी। इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्र के अनुसार महिला की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।







