फ्लाईओवर के नीचे अवैध गद्दे की दुकान में भीषण आग

फ्लाईओवर के नीचे अवैध गद्दे की दुकान में अचानक भीषण आग

जनरेटर की चिंगारी से गद्दे और रुई ने पकड़ी आग

आधे घंटे की मशक्कत से स्थानीय लोगों ने बुझाई लपटें

कानपुर। कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में जेके कॉलोनी के सामने नेशनल हाईवे पर बने फ्लाईओवर के नीचे अवैध रूप से चल रही गद्दे की दुकान में सोमवार दोपहर अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी जद में ले लिया। आग की लपटें फ्लाईओवर के ऊपर तक उठने लगीं और काला धुआं देखकर हाईवे पर गुजर रहे वाहन सवार रुक गए। इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जनरेटर की चिंगारी से लगी आग

जानकारी के अनुसार, मोहम्मद शमीम की गद्दे की दुकान हाईवे के पास है। उन्होंने फ्लाईओवर के नीचे अवैध रूप से गद्दों और रुई का गोदाम बना रखा था। सोमवार दोपहर दुकान में चल रहे जनरेटर से निकली चिंगारी ने गद्दों में आग लगा दी। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।

स्थानीय लोगों ने खुद बुझाई आग

आग इतनी तेज थी कि आसपास के लोग और दुकानदार तुरंत मौके पर दौड़े। समर्सिबल के पानी और बाल्टियों से करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पा लिया। जब तक पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची, तब तक आग बुझ चुकी थी।

अवैध दुकानों पर चेतावनी

एसीपी चकेरी अभिषेक पांडेय ने बताया कि फ्लाईओवर के नीचे अवैध रूप से दुकानें लगाने वालों को पहले भी हिदायत दी गई थी। आग की घटना के बाद फिर से सभी को सख्त चेतावनी जारी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button