
- टांडा के स्टेशनरी गोदाम में तीसरे दिन भी सुलग रही आग
- बेसमेंट में गर्मी और धुएं के कारण राहत कार्य बाधित
- इमारत की दीवारों में दरारें, खतरा बढ़ा
अम्बेडकरनगर। टांडा नगर क्षेत्र के छज्जापुर दक्षिण मोहल्ले में स्थित सिंह ट्रेडर्स की स्टेशनरी दुकान और गोदाम में रविवार तड़के लगी भीषण आग तीन दिन बाद भी पूरी तरह बुझ नहीं सकी है। चार मंजिला इमारत का बेसमेंट अब भी धधक रहा है, जहां से रुक-रुक कर धुआं निकल रहा है। फायर ब्रिगेड की टीम लगातार राहत कार्य में जुटी हुई है, जबकि नगर पालिका और दमकल विभाग के कर्मचारी बेसमेंट तक पानी पहुंचाने की कोशिश में लगे हैं।
जेसीबी से तोड़ी गई बेसमेंट की दीवारें, एक तरफ ही पहुंचने का रास्ता
बेसमेंट में सुलगती सामग्री और भीतर की अत्यधिक गर्मी ने दमकल कर्मियों के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। केवल एक तरफ से ही बेसमेंट में पहुंचा जा सकता है, जिससे राहत कार्य बाधित हो रहा है। नगर पालिका टांडा की जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से लगातार मलबा हटाया जा रहा है। पालिका के करीब डेढ़ दर्जन कर्मचारी लगातार काम में जुटे हैं।
तापमान बना राहत कार्य में बाधा, चटकी इमारत की दीवारें
राहत कार्य में जुटे कर्मियों के अनुसार, बेसमेंट में भीषण तापमान और आग की सुलगती परतें अब भी दिक्कतें पैदा कर रही हैं। इमारत की बाहरी दीवारें चटकने लगी हैं, जिससे संरचनात्मक खतरे की भी आशंका बनी हुई है। हालांकि, ऊपर के अधिकांश हिस्सों में आग पर काबू पाया जा चुका है।








