अंबेडकरनगर। किछौछा स्थित विश्वप्रसिद्ध सूफी संत हजरत मखदूम अशरफ जहांगीर सिमनानी रहमतुल्लाह अलैह के 639वें सालाना उर्स की शुरुआत शनिवार शाम 5 बजे होगी। आस्ताने आलिया के मलंग गेट पर सज्जादानशीन सैयद मोहिउद्दीन अशरफ की अगुवाई में परचम कुशाई की रस्म अदा की जाएगी। यह सालाना उर्स 25 जुलाई तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन अलग-अलग सज्जादानशीन खिरका पोशी की रस्म अदा करेंगे और मुल्क में अमन-चैन की दुआ मांगी जाएगी।
देश-विदेश से उमड़ी जायरीन की भीड़
हर वर्ष की भांति इस बार भी उर्स में भारत समेत कई देशों से बड़ी संख्या में जायरीन पहुंच चुके हैं। दूरदराज़ से आने वाले मेहमानों की सुविधा के लिए स्थानीय खानकाह ए अशरफिया की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। दरगाह परिसर को आकर्षक विद्युत साज-सज्जा से सजाया गया है। जलपान, आवास, लंगर और स्वच्छता के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
व्यापक इंतजाम, वातानुकूलन से लेकर वाटरप्रूफ टेंट तक
सज्जादानशीन मोहिउद्दीन अशरफ के नेतृत्व में फैजान अशरफ उर्फ़ चाँद मियां की देखरेख में तैयारियां अंतिम रूप ले चुकी हैं। दरगाह पर 2 टन की चार एसी, 25 किलोवाट का सोलर प्लांट, दो बड़े जनरेटर और मेन गेट पर एसी कटर लगाया गया है। परिसर में वाटरप्रूफ टेंट, शुद्ध फिल्टर पानी, और प्रतिदिन लंगर की व्यवस्था की गई है। साफ-सफाई के लिए दर्जनभर सफाईकर्मी लगातार ड्यूटी पर तैनात रहेंगे।
प्रशासनिक सतर्कता, सुरक्षा के पुख़्ता इंतजाम
उर्स में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने चौकसी बढ़ा दी है। बाराबंकी, अयोध्या, सुल्तानपुर, अमेठी सहित कई जिलों से पुलिस फोर्स मंगाई गई है। कुल 500 पुलिसकर्मियों की तैनाती, चार अस्थाई पुलिस चौकियां, पीएसी और 100 महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। थाना अध्यक्ष संत कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस बल चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेगा और सीसीटीवी व ड्रोन कैमरे से निगरानी रखी जाएगी।








