यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा- पिता, दो बेटों समेत 6 की मौत

  • दिल्ली से आगरा रामायण पाठ के लिए आ रहा था पूरा परिवार
  • कार में 9 लोग थे सवार, पत्नी और बेटी गंभीर रूप से घायल
  • SSP बोले – झपकी लगने से हुआ हादसा, कार के उड़े परखच्चे

मथुरा। यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। तेज रफ्तार इको कार एक ट्रक में पीछे से जा घुसी, जिससे कार में सवार 9 में से 6 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में पिता, उनके दो बेटे और रिश्तेदार शामिल हैं। हादसा बलदेव थाना क्षेत्र के पास सुबह करीब 3 बजे हुआ।

कार सवार सभी लोग दिल्ली से आगरा जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। कुछ लोग कार में ही फंसे रह गए। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद गैस कटर से कार काटकर शवों और घायलों को बाहर निकाला गया।

हादसे के दृश्य झकझोर देने वाले

हादसे के बाद जो दृश्य सामने आए, वह बेहद भयावह थे। लाशें सड़क पर पड़ी थीं, घायल तड़प रहे थे। कार की अगली सीट पर एक युवक का शव फंसा दिखा, जिसके दोनों हाथ बोनट पर थे।

तीन परिवारों के लोग थे सवार

हादसे में मारे गए लोगों में तीन अलग-अलग परिवारों के सदस्य शामिल थे।

  • आगरा के हरलालपुरा निवासी धर्मवीर और उनके दो बेटे रोहित और आर्यन की मौत हुई।

  • धर्मवीर की पत्नी सोनी और बेटी पायल की हालत गंभीर है।

  • धर्मवीर के भांजे, मुरैना (मप्र) के बढ़पुरा हुसैन गांव निवासी दलवीर उर्फ छुल्ले और पार्थ की भी जान चली गई।

  • वहीं छठा मृतक रोहित का दोस्त दुष्यंत है, जो दिल्ली का रहने वाला था।

घायलों को आगरा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने सभी परिजनों को सूचित कर दिया है।

SSP बोले – झपकी आने से हुआ हादसा

मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार चालक को झपकी आ गई थी, जिससे कार अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। इको कार दिल्ली से आगरा की ओर जा रही थी और उसमें कुल 9 लोग सवार थे।

रामायण पाठ में शामिल होने आ रहा था परिवार

परिजनों ने बताया कि धर्मवीर हर साल आगरा के बटेश्वर में रामायण पाठ का आयोजन कराते हैं। रविवार से पाठ शुरू होना था और सोमवार को भंडारे का कार्यक्रम तय था। उसी के लिए पूरा परिवार दिल्ली से आगरा आ रहा था।

धर्मवीर और उनका परिवार दिल्ली के समयपुर बादली में रहता था और हलवाई का काम करता था। पिछले 10 साल से वे रामायण पाठ का आयोजन लगातार करते आ रहे थे।

सीएम योगी ने लिया संज्ञान

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। प्रशासन को पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद के लिए तत्पर रहने को कहा गया है।

Related Posts

IIT कानपुर में जूनियर टेक्नीशियन का शव फंदे पर मिला

कानपुर। Indian Institute of Technology Kanpur (IIT) में शनिवार को एक जूनियर टेक्नीशियन का शव उसके कमरे में पंखे से लटकता मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वैलेंटाइन डे की सुबह…

Continue reading
वाराणसी में शंकराचार्य का बयान

राजनीतिक प्रमाणपत्र से नियुक्ति से इनकार हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट का जिक्र सपा और भाजपा दोनों पर साधा निशाना

Continue reading