- बैंक ऑफ बड़ौदा ने 118वां स्थापना दिवस सामाजिक सेवा के साथ मनाया।
- हंसवर के उच्च प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को बांटी गई डिक्शनरी व स्टेशनरी किट।
- CSR योजना के तहत शिक्षा को बढ़ावा देने का संकल्प दोहराया गया।
अम्बेडकरनगर। देश की प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र की बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपने 118वें स्थापना दिवस पर सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए उच्च प्राथमिक विद्यालय हंसवर में बच्चों के बीच डिक्शनरी और स्टेशनरी किट का वितरण किया। यह आयोजन निगमित सामाजिक दायित्व (CSR) योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसमें शिक्षा और ज्ञान को समाज के सबसे निचले तबके तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सितारे उर्दू अवार्ड से सम्मानित शिक्षक मोहम्मद असलम खान ने की, जो नेशनल इंटर कॉलेज हंसवर से जुड़े हैं। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा, “शिक्षा एक अनमोल निधि है, जिसके बिना समाज का समग्र विकास असंभव है। बच्चों को प्रारंभ से ही किताबों से जोड़ना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।” कार्यक्रम का संचालन शमसुज्जमा अंसारी ने किया।
बैंक प्रबंधक ने बताई योजनाएं
बैंक ऑफ बड़ौदा हंसवर शाखा के रिकवरी प्रबंधक उत्तम कुमार यादव, जो इस अवसर पर मुख्य अतिथि थे, ने बताया कि बैंक केवल आर्थिक सेवा का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक उत्थान का भी माध्यम है। उन्होंने कहा, “बैंक ऑफ बड़ौदा सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंदों तक सुविधाएं पहुंचाने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। शिक्षा क्षेत्र में सहयोग देना हमारी प्राथमिकता है।”








