
लखनऊ। राजधानी के आलमबाग इलाके में एक प्राइवेट कंपनी के डायरेक्टर पर महिला कर्मचारी ने छेड़छाड़ और बंदूक के बल पर जबरदस्ती करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर आलमबाग थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
नौकरी के बहाने फंसाकर ले गया घर
मानकनगर निवासी युवती ने बताया कि उन्हें शहरी आजीविका केन्द्र के माध्यम से एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी मिली थी, जिसका डायरेक्टर वीर प्रताप सिंह है। ऑफिस का समय सुबह 10 से शाम 6 बजे तक तय था। शुरुआत में सब सामान्य था, लेकिन कुछ दिन बाद वीर प्रताप ने उस पर बुरी नजर डालनी शुरू कर दी।
बंदूक दिखाकर दी धमकी, जबरदस्ती का आरोप
पीड़िता के मुताबिक, 19 जुलाई को वीर प्रताप सिंह ने घर छोड़ने के बहाने उसे अपनी कार में बैठा लिया और अपने घर ले गया। वहां कहने लगा कि “थोड़ी देर आराम कर लो”, लेकिन जब युवती ने घर जाने की बात कही तो उसने जबरदस्ती रोक लिया।
इसके बाद आरोपी कमरे से एक नालीदार बंदूक लेकर आया और धमकी दी कि यदि विरोध किया तो छत पर जाकर गोली चला देगा। डराने के बाद बंदूक दिखाकर जबरदस्ती की। युवती ने जब इस घटना की जानकारी पुलिस को देने की बात कही तो आरोपी ने गोली मारने की धमकी दी। किसी तरह मौका पाकर वह वहां से भाग निकली।
कार में ले जाकर की अश्लील हरकत
पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद भी आरोपी बाज नहीं आया। एक दिन कार में जबरदस्ती मूवी दिखाने के बहाने ले गया और वहां भी अश्लील हरकतें करने लगा। जब स्थिति बेकाबू हो गई तो उसने हिम्मत करके आलमबाग थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस कर रही जांच
इस संबंध में आलमबाग इंस्पेक्टर ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।







