गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सांसद रवि किशन की एक बार फिर चुटकी ली। ग्रीन सिटी रोड के लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मजाकिया अंदाज में कहा, “आज सांसद जी ने कुछ बोला नहीं है। लगता है इन्होंने कुछ ज्यादा लोगों को भोज दे दिया है। कितने लोग उनके यहां भोज करने गए थे?”
इसके बाद सीएम योगी ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से पूछा कि कितने लोगों ने रवि किशन की फिल्म देखी है और कितने लोगों ने कालीबाड़ी बाबा की फिल्म देखी है। इस पर लोगों ने हाथ उठाकर जवाब दिया। मुख्यमंत्री ने दोनों के जवाब की तुलना करते हुए कहा, “बराबरी है।”
69.58 करोड़ से बनी सड़क का लोकार्पण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर-सोनौली मार्ग से ग्रीन सिटी होते हुए माधोपुर बंधा तक बनी सड़क का लोकार्पण किया। करीब 1.80 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर 69.58 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। लोकार्पण के बाद सड़क को आम लोगों के आवागमन के लिए खोल दिया गया।
महंत रविंद्र दास को बताया सीएम का करीबी
कालीबाड़ी के महंत रविंद्र दास को सीएम योगी आदित्यनाथ का करीबी माना जाता है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों में उन्हें अक्सर मंच पर जगह मिलती है। वह लंबे समय से गोरखनाथ मंदिर से भी जुड़े हुए हैं। यही वजह है कि गोरखपुर में मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों के दौरान महंत रविंद्र दास भी अक्सर नजर आते हैं।
सड़क बनने से आसान होगी आवाजाही
सीएम योगी ने कहा कि ग्रीन सिटी कॉलोनी से पदोनिया होते हुए माधोपुर बंधा तक सड़क का निर्माण होने से क्षेत्र के लोगों को आने-जाने में काफी सुविधा होगी। उन्होंने बताया कि करीब दो किलोमीटर लंबी यह सड़क लगभग 70 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुई है।









