उन्नाव। उन्नाव में साधु राममिलन दास उर्फ बाबा मिलन दास सिंह (45) हत्याकांड के मुख्य आरोपी इसराइल को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया। पुलिस के अनुसार, आरोपी 9 जून को हुई हत्या के बाद से फरार था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
एसपी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि सोमवार तड़के करीब 3:40 बजे मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस और एसओजी टीम ने ताजपुर इलाके में आरोपी की घेराबंदी की। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में हुई मुठभेड़ में 36 वर्षीय इसराइल घायल हो गया, जिसे बाद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके से 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक चाकू बरामद किया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने उसी चाकू से साधु की हत्या की थी, जिसे भी बरामद कर लिया गया है। मुठभेड़ के दौरान एक एसओजी सिपाही घायल हुआ, जबकि एक दरोगा की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगने से वह बाल-बाल बच गया।
वहीं, मृतक आरोपी इसराइल बांगरमऊ क्षेत्र का रहने वाला था और मजदूरी करता था। उसके परिवार में पत्नी और पांच बच्चे हैं। घटना के बाद उसके घर पर ताला लगा हुआ है।
इससे पहले 9 जून को मंदिर निर्माण को लेकर हुए विवाद में साधु राममिलन दास की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस पहले ही कई आरोपियों की तलाश कर रही थी।









