लखनऊ मेयर का गौशालाओं और विद्यालय का औचक निरीक्षण

  • कान्हा उपवन विद्यालय में बच्चों से की बातचीत
  • बच्चों को फ्री स्टेशनरी देने के निर्देश
  • गोसेवा और शिक्षा को बताया नगर निगम की प्राथमिकता

लखनऊ। लखनऊ नगर निगम अब सिर्फ गोसेवा तक सीमित नहीं, बल्कि बच्चों की शिक्षा को लेकर भी गंभीर प्रयास करता नजर आ रहा है। बुधवार को महापौर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने इंदिरा नगर स्थित राधा उपवन गोशाला और सरोजिनी नगर स्थित कान्हा उपवन गोशाला का औचक निरीक्षण किया।

10 हजार से अधिक गौवंशों की व्यवस्थाएं देखीं

निरीक्षण के दौरान दोनों गोशालाओं में रह रहे 10,000 से अधिक गौवंशों की देखभाल और व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया। महापौर ने हरा चारा, भूसा, पेयजल, दवा-इलाज और सीसीटीवी निगरानी जैसे बिंदुओं पर व्यवस्थाएं जांचीं और अधिकांश व्यवस्थाओं को संतोषजनक पाया।

बच्चों से बातचीत, फ्री स्टेशनरी देने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान महापौर कान्हा उपवन विद्यालय भी पहुंचीं और वहां पढ़ रहे बच्चों से बातचीत की। उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि बच्चों को निःशुल्क शिक्षा के साथ फ्री स्टेशनरी भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि कोई बच्चा संसाधनों की कमी के चलते पढ़ाई से वंचित न रहे।

शिक्षा और गोसेवा दोनों प्राथमिकता में: महापौर

महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि, “गोसेवा, पशु कल्याण और बच्चों की शिक्षा – ये सभी नगर निगम की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल हैं। हम न सिर्फ गायों की देखभाल को लेकर गंभीर हैं, बल्कि वहां पढ़ रहे बच्चों की शिक्षा को भी पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता से देख रहे हैं।”

महापौर ने निरीक्षण के बाद सभी व्यवस्थाओं पर संतोष जताया और कर्मचारियों व अधिकारियों की सराहना की।

Back to top button