गोरखपुर में रिटायर्ड एयरफोर्स कर्मचारी का अपहरण

  • 6 पुलिस टीमें बनीं, 250 CCTV खंगाले
  • पुलिस ने प्लान के तहत डॉक्टर पत्नी को भेजा
  • तीन बदमाश गिरफ्तार, अशोक को छुड़ाया

गोरखपुर। शहर में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब बदमाशों ने सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले एक रिटायर्ड एयरफोर्स कर्मचारी को अगवा कर लिया और डॉक्टर पत्नी से एक करोड़ रुपये की फिरौती मांग डाली। लेकिन पुलिस की सक्रियता ने अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। पत्नी से फिरौती वसूलने आए तीन बदमाशों को पुलिस ने दबोच लिया और महज 12 घंटे में रिटायर्ड कर्मी को सकुशल छुड़ा लिया।

सुबह वॉक पर निकले, रास्ते से ही किया अपहरण

शाहपुर थाना क्षेत्र के पादरी बाजार में रहने वाले रिटायर्ड एयरफोर्स कर्मी अशोक जायसवाल रोज की तरह शुक्रवार सुबह 5:30 बजे साइकिल से रेलवे स्टेडियम में तैराकी के लिए निकले थे। घर से करीब 2 किमी दूर स्थित अंडरपास के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें तमंचे के बल पर कार में बैठा लिया और शहर भर में घुमाते हुए अयोध्या तक ले गए।

डॉक्टर पत्नी से मांगी फिरौती

करीब 10:30 बजे बदमाशों ने अशोक की पत्नी डॉ. सुषमा जायसवाल को वॉट्सऐप कॉल की। कॉल पर कहा गया, “अगर पति को जिंदा देखना चाहती हो तो 1 करोड़ रुपये देने होंगे।” अशोक से भी पत्नी की बात कराई गई ताकि यकीन हो सके।

पुलिस ने बनाया फुलप्रूफ प्लान

घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी अभिनव त्यागी के नेतृत्व में 6 टीमें बनाई गईं। पुलिस ने शहर के करीब 250 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और कॉल डिटेल्स ट्रेस कीं। शाम होते-होते बदमाशों ने दोबारा फिरौती की कॉल की, जिस पर पुलिस ने सुषमा को बदमाशों से मिलने भेजा।

फिरौती लेने आए तो चढ़े पुलिस के हत्थे

बदमाशों ने महिला डॉक्टर को कालेसर जीरो पॉइंट बुलाया। जैसे ही बदमाश पैसे लेने पहुंचे, पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया और अशोक को सुरक्षित छुड़ा लिया। पकड़े गए बदमाशों में गुड्डू उर्फ श्याम सुंदर, जनार्दन गौड़ और करुणेश दूबे शामिल हैं।

बदमाशों ने पहले की थी रेकी

पुलिस जांच में सामने आया कि बदमाशों ने अशोक के घर और रूट की पहले से रेकी की थी। सुबह कम आवाजाही वाले अंडरपास को चुना गया, ताकि किडनैपिंग आसानी से की जा सके।

Related Posts

सिटी बस सेवा बंद होने से बेरोजगार कर्मचारी धरने पर

कानपुर। सिटी बस सेवा बंद होने के बाद बेरोजगार हुए ड्राइवर और कंडक्टरों ने शुक्रवार को परिवहन निगम के रीजनल मैनेजर (RM) कार्यालय पर धरना देकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने…

Continue reading
लखनऊ विश्वविद्यालय में UGC समर्थन मार्च पर हंगामा, 350 छात्रों का प्रदर्शन

लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में शुक्रवार को UGC के समर्थन में विभिन्न छात्र संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों ने ‘समता संवर्धन मार्च’ निकालने की घोषणा की थी, लेकिन मार्च शुरू…

Continue reading