- अवध विहार PM आवास योजना में एक हफ्ते से पानी की सप्लाई बंद
- नाराज लोगों ने खाली बाल्टी लेकर किया विरोध प्रदर्शन
- बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को हो रही भारी परेशानी
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अवध विहार योजना में प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत बनाए गए फ्लैटों में पानी की भीषण समस्या ने लोगों की दिनचर्या को अस्त-व्यस्त कर दिया है। बीते एक सप्ताह से पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप है, जिससे 900 से अधिक फ्लैटों में रहने वाले परिवारों को गंभीर संकट का सामना करना पड़ रहा है।
गुरुवार को नाराज स्थानीय लोगों ने खाली बाल्टियों के साथ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वह बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं, लेकिन अधिकारियों की ओर से कोई सुनवाई नहीं हो रही।
बच्चों और बुजुर्गों को भारी परेशानी
स्थानीय निवासी मंजू जायसवाल ने बताया कि हालात इतने खराब हो गए हैं कि बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे सभी को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कई बच्चे बिना नहाए स्कूल जाने को मजबूर हैं, जबकि कुछ ने स्कूल जाना ही बंद कर दिया है। नौकरीपेशा लोगों को भी समय से तैयार होने में कठिनाई हो रही है।
शिकायत पर मिल रही धमकियां
स्थानीय लोगों ने बताया कि जब आवास विकास परिषद के अधिकारियों से संपर्क किया गया, तो न तो फोन उठाया गया, न कोई अधिकारी मौके पर पहुंचा। बार-बार शिकायत करने पर उन्हें फ्लैट आवंटन रद्द करने की धमकी तक दे दी गई।
लोगों का कहना है कि यह स्थिति सरकार की नीतियों और योजनाओं की जमीनी हकीकत को उजागर करती है। सुविधाएं देने के बजाय अब शिकायत करने वालों को ही धमकाया जा रहा है।
योजना के उद्देश्य पर उठे सवाल
विरोध कर रहे लोगों ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य था कि गरीब और मध्यम वर्ग को न सिर्फ छत मिले, बल्कि उन्हें मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएं। लेकिन पानी जैसी बुनियादी सुविधा भी नहीं मिलने से यह उद्देश्य अधूरा साबित हो रहा है।
लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पानी की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वो उग्र आंदोलन करेंगे।








