
- ऑपरेशन सिंदूर को बताया मेक इन इंडिया की ताकत का प्रतीक
- युवाओं के लिए जल्द 30 हजार पुलिस भर्ती का एलान
- त्योहारों पर स्वदेशी खरीदने और ‘वोकल फॉर लोकल’ अपनाने की अपील
अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अलीगढ़ में 1,195 करोड़ रुपये की 188 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए केंद्र और प्रदेश की ‘डबल इंजन’ सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। इस दौरान उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो कहा था, उसे कर के दिखाया है। भारत आज दुश्मन को उसी की भाषा में जवाब देता है — “सेना ने दुश्मन की मांद में घुसकर पाकिस्तान को कराहने पर मजबूर किया।”
ऑपरेशन सिंदूर और मेक इन इंडिया की तारीफ
सीएम योगी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने न सिर्फ भारत के शौर्य को दुनिया के सामने रखा, बल्कि मेक इन इंडिया की सफलता को भी सिद्ध किया। उन्होंने बताया कि जल्द ही 30,000 पुलिस भर्तियां निकाली जाएंगी, ताकि युवाओं को और अधिक अवसर मिल सकें। कहा — “अब सरकारी नौकरी किसी एक परिवार की बपौती नहीं रही।”
डिफेंस कॉरिडोर से बदल रही है यूपी की तस्वीर
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि पीएम मोदी ने देश में दो डिफेंस कॉरिडोर बनाने की घोषणा की थी — एक तमिलनाडु में और दूसरा उत्तर प्रदेश में। यूपी में अलीगढ़ इस कॉरिडोर का महत्वपूर्ण नोड है। यहां अब ब्रह्मोस जैसी विश्वप्रसिद्ध मिसाइलों का निर्माण हो रहा है। “ब्रह्मोस ने पाकिस्तान ही नहीं, भारत के हर दुश्मन को पसीना-पसीना कर दिया है।”
वोकल फॉर लोकल और ODOP पर जोर
सीएम योगी ने आगामी त्योहारों को देखते हुए जनता से ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि — “हमारा पैसा विदेशियों के पास जाएगा तो वही पैसा आतंकवाद, धर्मांतरण और अराजकता में लगेगा। इसलिए त्यौहारों पर चीन जैसा विदेशी सामान नहीं, यूपी में बने ODOP उत्पाद ही खरीदें।”
उन्होंने बताया कि कन्नौज का इत्र, मेरठ का स्पोर्ट्स सामान, लखनऊ की जरी-जरदोज़ी और वाराणसी की साड़ियों जैसे स्थानीय उत्पादों की मांग तेजी से बढ़ी है, जिससे उत्तर प्रदेश की नई पहचान बनी है।
युवाओं को भरोसा – नौकरी अब योग्यता से
सीएम ने कहा कि 2017 से पहले नौकरियां निकलती थीं, लेकिन एक ही परिवार के लोग भर्ती हो जाते थे। “युवाओं का शोषण होता था, अयोग्य लोग घुसाए जाते थे और दंगे होते थे। आज भर्ती व्यवस्था पारदर्शी है।” उन्होंने कानून व्यवस्था को विकास की नींव बताते हुए कहा कि “अपराधियों से सख्ती से निपटा जा रहा है — बेटी और व्यापारी की सुरक्षा से समझौता नहीं होगा।”
हर घर तिरंगा और स्वदेशी की अपील
मुख्यमंत्री ने हर घर तिरंगा अभियान का उल्लेख करते हुए लोगों से 13-15 अगस्त के बीच घरों और संस्थानों पर तिरंगा फहराने तथा स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।








