- ADG सुजीत पांडेय ने अंबेडकरनगर में कानून-व्यवस्था की समीक्षा की
- रक्षाबंधन और जन्माष्टमी को लेकर संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता के निर्देश
- गंभीर अपराधों की समीक्षा कर अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त आदेश
अंबेडकरनगर। आगामी रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर्व को लेकर जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लखनऊ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक सुजीत पांडेय ने मंगलवार को अंबेडकरनगर का दौरा किया। सबसे पहले रिजर्व पुलिस लाइन पहुंचने पर उन्हें सलामी दी गई। इसके उपरांत अयोध्या परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार और पुलिस अधीक्षक केशव कुमार की उपस्थिति में अधिकारियों की गोष्ठी आयोजित की गई।
त्योहारी सीजन में विशेष सतर्कता के निर्देश
गोष्ठी में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और शाखा प्रभारी मौजूद रहे। एडीजी ने रक्षाबंधन और जन्माष्टमी जैसे प्रमुख पर्वों को दृष्टिगत रखते हुए संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में प्रभावी गश्त, सतर्क निगरानी और रूट मार्च सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल पूरी तरह सतर्क और तैयार रहे।
अपराधों की समीक्षा और कड़ाई से नियंत्रण के आदेश
गोष्ठी के दौरान जिले में हो रहे गंभीर अपराधों जैसे हत्या, लूट, डकैती, चोरी और साइबर अपराध की स्थिति की समीक्षा की गई। एडीजी ने कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, ऐसे में अपराधियों पर कड़ी निगरानी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर जोर
ADG ने पुलिस लाइन में चल रहे रिक्रूट आरक्षियों के बुनियादी प्रशिक्षण का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पाठ्यक्रम की प्रगति, अनुशासन, शारीरिक दक्षता अभ्यास, ड्रिल और प्रशिक्षण पद्धति की गुणवत्ता की गहन समीक्षा की।








