सरैया हरदो गांव में सुतली बम फेंकने का आरोप, धमाके से दहशत का माहौल

चूल्हे पर खाना बना रही महिला के पास विस्फोट, बच्चे लेकर भागी पीड़िता

अम्बेडकरनगर। आलापुर कोतवाली क्षेत्र के सरैया हरदो गांव में गुरुवार रात सुतली बम फेंके जाने की घटना से अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि घर के बाहर चूल्हे पर खाना बना रही महिला के पास अचानक बम फेंका गया, जिससे जोरदार धमाका हुआ और पूरा इलाका दहल उठा।

पीड़िता अतवारी देवी का आरोप है कि वह रात करीब 9 बजे अपने घर के बाहर खाना बना रही थीं, तभी गांव के ही एक व्यक्ति ने उनके पास सुतली बम फेंक दिया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और कुछ देर के लिए गांव में दहशत फैल गई।

विरोध करने पर गाली-गलौज और धमकी का आरोप

पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद कुछ लोगों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि विरोध करने पर पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई।

इस मामले में अजय, विजय और काजल का नाम भी सामने आ रहा है। घटना के बाद पीड़ित परिवार भय के माहौल में है।

ग्रामीणों में आक्रोश, सुरक्षा पर सवाल

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बम थोड़ा और नजदीक गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था। ग्रामीणों ने इस घटना को गंभीर बताते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

लोगों ने पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस जांच में जुटी

थानाध्यक्ष वीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मामले में मारपीट और धमकी की शिकायत मिली है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button