- निलंबित IAS के दलाल निकांत जैन के 3 शहरों में ईडी की छापेमारी
- बैंक धोखाधड़ी और रिश्वतखोरी में पहले से जेल में है जैन
- होटल मालिक राजेंदर सिंह और सौरभ सेठ से पूछताछ
लखनऊ। निलंबित आईएएस अधिकारी अभिषेक प्रकाश सिंह के कथित दलाल निकांत जैन के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई तेज हो गई है। गुरुवार सुबह लखनऊ, मेरठ और नोएडा में उसके तीन ठिकानों पर छापेमारी की गई। छापे के दौरान ईडी को बैंक खातों और लेनदेन से जुड़े अहम दस्तावेज मिले हैं।
निकांत जैन इस समय रिश्वतखोरी और 4 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले में जेल में बंद है। जानकारी के मुताबिक, छापेमारी के दौरान ईडी की टीम होटल मालिक राजेंदर सिंह और सौरभ सेठ के आवास पर भी पहुंची और उनसे लंबी पूछताछ की गई।
होटल के जरिए आईएएस अफसरों को रुकवाता था जैन
सूत्रों के मुताबिक, निकांत जैन कथित तौर पर होटल गोल्डन ब्लॉसम में वरिष्ठ अधिकारियों को ठहराता था। यही नहीं, ईडी को निकांत जैन के खातों से कुछ आईएएस अधिकारियों के खातों में संदिग्ध लेनदेन के सुराग भी मिले हैं।
बैंक फ्रॉड में दर्ज हुई नई FIR, पूरा परिवार आरोपों में घिरा
हजरतगंज कोतवाली में इंडियन बैंक की शिकायत पर निकांत, उनके भाई सुकांत और वैशाली जैन के खिलाफ नया केस दर्ज हुआ है। चार करोड़ के लोन घोटाले को लेकर भारतीय न्याय संहिता की धारा 409, 420 और 465 के तहत गंभीर आरोप लगाए गए हैं। सभी धाराएं गैर-जमानती हैं और इन अपराधों की सजा कड़ी है।
निकांत जैन के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और अब ईडी की यह कार्रवाई उनके नेटवर्क की गहराई तक जांच के संकेत दे रही है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि लोन और रिश्वत के खेल में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।








