
अम्बेडकरनगर। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन में जनपद में अपराध और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अलीगंज पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। बुधवार की शाम करीब 7:45 बजे धर्मनगर ओवरब्रिज के नीचे से पुलिस टीम ने एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई के पश्चात न्यायालय में प्रस्तुत किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान संदीप वर्मा पुत्र आज्ञाराम वर्मा निवासी ग्राम बलरामपुर, थाना इब्राहिमपुर, जनपद अम्बेडकरनगर के रूप में हुई है। अभियुक्त के विरुद्ध थाना अलीगंज में मुकदमा पंजीकृत है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, वादी विनोद कुमार वर्मा पुत्र तुलसीराम वर्मा, निवासी ग्राम सुलेमपुर, थाना अलीगंज की स्कार्पियो कार (UP 45 AF 6997) को आरोपी संदीप वर्मा ने वादी के ड्राइवर से मांग कर लिया और निर्धारित समय पर उसे वापस नहीं किया। कई प्रयासों के बावजूद गाड़ी और आरोपी का कुछ पता नहीं चल पाया था, जिस पर थाना अलीगंज में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस की सतत निगरानी, तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर बुधवार को पुलिस टीम ने उसे धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद उसे विधिक कार्रवाई पूर्ण करते हुए न्यायालय भेज दिया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद में अपराधियों के विरुद्ध जारी अभियान के तहत यह गिरफ्तारी पुलिस की तत्परता और सूझबूझ का उदाहरण मानी जा रही है। स्थानीय स्तर पर इस कार्यवाही की सराहना की जा रही है।
फोटो नंबर 0 3








