- 4 सीनियर एयरफोर्स अफसरों को सर्वोत्तम युद्ध सेवा पदक
- आर्मी के 18 जवानों को वीरता मेडल
- बीएसएफ के 16 और J&K पुलिस के 128 जवान सम्मानित
नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर केंद्र सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर में बहादुरी और अदम्य साहस दिखाने वाले सशस्त्र बलों के 86 जवानों को गैलेंट्री अवॉर्ड देने की घोषणा की है। इसमें सबसे ज्यादा सम्मान भारतीय वायुसेना के जवानों को मिला है।
एयरफोर्स के 52 जवानों को वीरता पुरस्कार
वायुसेना के 52 वीरों को विभिन्न वीरता पुरस्कारों से नवाजा गया है। इनमें 9 अधिकारियों को वीर चक्र मिला है। इन जांबाजों ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के मुरीदके और बहावलपुर में आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया था। वीर चक्र युद्ध के समय दिया जाने वाला तीसरा सबसे बड़ा वीरता सम्मान है।
इसके अलावा 13 अधिकारियों को युद्ध सेवा मेडल और 26 अधिकारी-वायुसैनिकों को वायु सेना मेडल प्रदान किया गया है। वहीं, वाइस चीफ ऑफ एयर स्टाफ एयर मार्शल नर्मदेश्वर तिवारी, वेस्टर्न एयर कमांडर एयर मार्शल जीतेन्द्र मिश्रा, डीजी एयर ऑपरेशंस एयर मार्शल अवधेश भारती समेत 4 वरिष्ठ अधिकारियों को सर्वोत्तम युद्ध सेवा पदक से सम्मानित किया गया है।
आर्मी और बीएसएफ के जवान भी सम्मानित
भारतीय थलसेना के 18 जवानों को वीरता मेडल से नवाजा गया है। इनमें 4 को कीर्ति चक्र, 4 को वीर चक्र और 8 को शौर्य चक्र प्रदान किया गया है। सेना के 2 वरिष्ठ अधिकारियों को सर्वोत्तम युद्ध सेवा पदक से सम्मानित किया गया।
सीमा सुरक्षा बल (BSF) के 16 वीर जवानों को भी गैलेंट्री मेडल दिया गया। BSF देश की पहली सुरक्षा लाइन मानी जाती है, जो 2290 किमी लंबी भारत-पाक सीमा और पश्चिमी इलाके में एलओसी की निगरानी करती है। ऑपरेशन के दौरान बीएसएफ के 2 जवान शहीद और 7 घायल हुए।








