
- ₹35,000 स्वर्ण पदक विजेताओं को, ₹25,000 रजत विजेताओं को
- नई प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय में RFID सुविधा, ई-संग्रहालय का लोकार्पण
- स्वामी विवेकानंद परिसर में इंजीनियरिंग संस्थान के नवीनीकरण का शिलान्यास
आगरा। आगरा यूनिवर्सिटी का 91वां दीक्षांत समारोह 20 अगस्त को स्वामी विवेकानंद परिसर स्थित शिवाजी मंडपम में आयोजित होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी। समारोह में मुख्य अतिथि इंडिया हैबिटेट सेंटर के निदेशक एवं प्रसिद्ध शिक्षाविद डॉ. केजी सुरेश होंगे।
इस अवसर पर कुल 77 मेधावी विद्यार्थियों को 117 पदक दिए जाएंगे, जिसमें 100 स्वर्ण और 17 रजत पदक शामिल हैं। छात्राओं को 76 और छात्रों को 41 पदक मिलेंगे। इसके अलावा 144 शोधार्थियों को डॉक्टरेट (पीएचडी) की उपाधि प्रदान की जाएगी।
कुलपति प्रो. आशु रानी ने बताया कि समारोह के दौरान विश्वविद्यालय में कई महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी होगा। इसमें चंदन एवं योग वाटिका, नई प्रयोगशालाएं, ई-संग्रहालय, डिजिटल क्लासरूम और पुस्तकालय में RFID सुविधा शामिल है। साथ ही स्वामी विवेकानंद परिसर स्थित इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी संस्थान के नवीनीकरण कार्य का शिलान्यास किया जाएगा।
पदक विजेताओं को नकद पुरस्कार भी दिए जाएंगे। स्वर्ण पदक विजेताओं को ₹35,000, रजत पदक विजेताओं को ₹25,000 और कांस्य पदक विजेताओं को ₹20,000 की राशि मिलेगी।
कार्यक्रम में प्रवेश गेट नंबर सात से होगा। बिना पहचान पत्र और पास के किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा।









