- बीके हरिप्रसाद ने RSS को बताया भारतीय तालिबान
- BJP ने पलटवार किया, कहा- कांग्रेस की सोच तालिबानी
- हरिप्रसाद बोले- आजादी की लड़ाई में RSS नहीं था
लखनऊ। वरिष्ठ कांग्रेस नेता बीके हरिप्रसाद के आरएसएस को तालिबान कहने वाले बयान पर बीजेपी ने कड़ा पलटवार किया है। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि “कांग्रेस हर राष्ट्रवादी संगठन को गाली देती है और पीएफआई, सिमी जैसे कट्टरपंथी संगठनों से मोहब्बत करती है।”
हरिप्रसाद बोले- RSS भारतीय तालिबान
समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में हरिप्रसाद ने कहा, “वे (आरएसएस) देश में शांति भंग करने की कोशिश कर रहे हैं। मैं आरएसएस की तुलना तालिबान से ही करूंगा, वे भारतीय तालिबान हैं। और प्रधानमंत्री लाल किले से उनकी सराहना कर रहे हैं।”
आजादी की लड़ाई में RSS नहीं था: कांग्रेस नेता
हरिप्रसाद ने कहा, “क्या कोई संघी था, जिसने आजादी की लड़ाई में हिस्सा लिया हो? आरएसएस पंजीकृत संगठन नहीं है। उन्हें पैसा कहां से मिलता है, किसी को नहीं पता। भाजपा और आरएसएस इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश करने में माहिर हैं।”
भाजपा का पलटवार- कांग्रेस को राष्ट्रवाद से दिक्कत
पूनावाला ने कहा, “कांग्रेस को भारतीय सेना में गुंडे, ऑपरेशन सिंदूर में आत्मसमर्पण, आरएसएस में तालिबान और पाकिस्तान अपना ही नजर आता है। अदालतें भी कई बार कांग्रेस की सोच पर टिप्पणी कर चुकी हैं।”
मोदी ने की थी RSS की तारीफ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12वें स्वतंत्रता दिवस भाषण में आरएसएस के 100 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी थी। उन्होंने कहा था, “व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ स्वयंसेवकों ने जीवन मातृभूमि के कल्याण के लिए समर्पित किया। यह दुनिया का सबसे बड़ा गैर सरकारी संगठन है।”








