
अंबेडकरनगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर भगाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान टांडा कोतवाली क्षेत्र के सद्दोपुर गांव निवासी अरबाज के रूप में हुई है।
जन्मदिन समारोह से शुरू हुई जान-पहचान
जानकारी के अनुसार, आरोपी अरबाज शटरिंग का काम करता है और इसी सिलसिले में पीड़िता के गांव आना-जाना था। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक जन्मदिन समारोह में छात्रा से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और आरोपी फोन पर लगातार किशोरी से संपर्क बनाए रहा।
13 अगस्त को बाइक से भगाया
पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, 13 अगस्त की शाम करीब छह बजे आरोपी अपनी बाइक से छात्रा को बहला-फुसलाकर ले गया। देर रात तक जब किशोरी घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की लेकिन कोई पता नहीं चला।
परिजनों ने दर्ज कराया मुकदमा
अगले दिन 14 अगस्त को छात्रा के परिजनों ने थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में जुट गई।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस टीम को 19 अगस्त को अहम सफलता मिली जब मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी पट्टी चौराहे स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर के पास मौजूद है। जलालपुर पुलिस ने तत्काल छापेमारी कर अरबाज को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में केस
जलालपुर कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और रेप समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को मेडिकल औपचारिकताओं के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।








