गाजियाबाद : पत्नी की गला रेतकर हत्या, आरोपी पति फरार

गाजियाबाद। गाजियाबाद के मोदीनगर थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गदाना गांव में पति ने अपनी पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी और फरार हो गया। तीन साल पहले दोनों की शादी हुई थी।

झगड़े के बाद बेरहमी से हत्या

जानकारी के मुताबिक गदाना गांव निवासी जितेंद्र प्रजापति टायर पंचर की दुकान चलाता है। उसकी शादी 3 साल पहले स्वाति (26) से हुई थी। दोनों का 14 महीने का बेटा भी है। स्वाति अक्सर जितेंद्र की शराबखोरी और मारपीट का विरोध करती थी। सोमवार देर रात भी दोनों में झगड़ा हुआ।

परिजनों के अनुसार, जितेंद्र ने कमरे में बंद कर पत्नी को बेरहमी से पीटा। इसके बाद सब्जी काटने वाले चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। महिला के चेहरे पर चोट के निशान और गले पर गहरे घाव पाए गए। शरीर पर चाकू के चार वार मिले हैं।

रात में हुई वारदात, सुबह खुला राज

घटना के समय जितेंद्र के माता-पिता बरामदे में सोए हुए थे। पंखा चलने के कारण उन्हें कुछ सुनाई नहीं दिया। सवा साल का बेटा दादी के पास सो रहा था। सुबह जब कमरे का दरवाजा खोला गया तो स्वाति का शव खून से सनी बेडशीट पर पड़ा मिला।

पुलिस जांच में हत्या की पुष्टि

सूचना मिलते ही SHO मोदीनगर मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की। पुलिस के मुताबिक हत्या रात करीब 2 बजे के आसपास हुई है। आरोपी पति वारदात के बाद फरार हो गया।

पड़ोसियों ने दी मायके पक्ष को खबर

रात में शोर सुनकर पड़ोसियों ने महिला के मायके पक्ष को सूचना दी। सुबह स्वाति के चचेरे भाई ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

Back to top button