अंबेडकरनगर। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावली को अपडेट करने की प्रक्रिया में अंबेडकरनगर में 1277 प्रविष्टियों में संशोधन किया गया है। इसके अलावा तीन नए नाम जोड़े गए और आठ नाम हटाए गए हैं। संशोधन के बाद जिले की मतदाता सूची में अब कुल 2829 मतदाता दर्ज हैं।
निर्वाचक नामावली को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने को लेकर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक हुई। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्योत्स्ना बंधु की अध्यक्षता में हुई बैठक में राजनीतिक दलों, शिक्षक संगठनों, खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी और संबंधित अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में मतदाता सूची से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
2834 से घटकर 2829 हुई संख्या
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी महेश चंद्र द्विवेदी ने बताया कि पूर्व की निर्वाचक नामावली में जिले में कुल 2834 मतदाता दर्ज थे। अद्यतन प्रक्रिया के दौरान आठ नामों का विलोपन और तीन नामों का परिवर्धन किया गया। वहीं 1277 मतदाताओं की प्रविष्टियों में आवश्यक संशोधन किए गए। इसके बाद कुल मतदाताओं की संख्या 2829 हो गई है।
गलती सुधारने को फार्म-8, नाम हटाने को फार्म-7
बैठक में बताया गया कि निर्वाचक नामावली में नाम, पता, आयु या अन्य विवरण में गलती होने पर फार्म-8 के माध्यम से संशोधन कराया जा सकता है। दोहरे अथवा अपात्र नामों को हटाने के लिए फार्म-7 से आवेदन किया जा सकता है।
मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को निर्वाचक नामावली की प्रकाशन सूची उपलब्ध कराने समेत निर्वाचन से जुड़ी अन्य प्रक्रियाओं पर भी चर्चा हुई।









