घाघरा के बढ़ते जलस्तर से प्रशासन अलर्ट, तटवर्ती इलाकों पर निगरानी तेज

टांडा और आलापुर तहसील में तैयारियां पूरी, जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी; नदी-नालों और तेज बहाव वाले पानी से दूर रहने की अपील

अंबेडकरनगर। घाघरा नदी का जलस्तर बढ़ने की प्रवृत्ति को देखते हुए प्रशासन ने टांडा और आलापुर तहसील में निगरानी बढ़ा दी है। संवेदनशील और तटवर्ती इलाकों पर लगातार नजर रखी जा रही है। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने संबंधित अधिकारियों को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए राहत और बचाव की सभी तैयारियां दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।

राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, पशुपालन और पंचायतीराज विभाग को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया है। जलस्तर बढ़ने की स्थिति में प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखेंगी।

निचले इलाकों में रहने वालों को सतर्क रहने को कहा

जिलाधिकारी ने तटवर्ती और निचले क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों से नदी, नालों, घाटों, पुलों और जलभराव वाले स्थानों के पास नहीं जाने को कहा गया है। बच्चों को ऐसे स्थानों से दूर रखने के साथ बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा पर भी ध्यान देने को कहा गया है।

तेज बहाव वाले पानी को पार करने का प्रयास नहीं करने और पशुओं को भी नदी या जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास नहीं ले जाने की अपील की गई है।

अफवाहों से बचें, कंट्रोल रूम को दें सूचना

प्रशासन ने लोगों से सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट सूचनाओं और अफवाहों पर भरोसा नहीं करने को कहा है। जलस्तर तथा राहत-बचाव से जुड़ी जानकारी के लिए प्रशासन की आधिकारिक सूचनाओं को ही आधार बनाने की अपील की गई है।

किसी व्यक्ति के फंसे होने, जलभराव बढ़ने या किसी अन्य आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपदा कंट्रोल रूम को दी जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button