रेलवे ट्रैक पार करते समय चचेरे भाइयों की ट्रेन से कटकर मौत

  • बिजनौर में रेलवे हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत
  • चंडीगढ़ एक्सप्रेस की चपेट में आने से हुआ दर्दनाक हादसा
  • हेडफोन लगाकर ट्रैक पार कर रहे थे दोनों युवक

बिजनौर। धामपुर थाना क्षेत्र के मोहड़ा गांव के पास रविवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। रेलवे ट्रैक पार करते समय दो चचेरे भाई चंडीगढ़ एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। हादसा इतना भयावह था कि करीब 20 मीटर तक दोनों के शवों के टुकड़े बिखर गए।

हेडफोन लगाकर ट्रैक पार कर रहे थे दोनों

मृतकों की पहचान शिवम (20) और प्रिंस उर्फ गोलू (19) के रूप में हुई है। दोनों बीएससी फर्स्ट ईयर के छात्र थे और कोचिंग से लौटते वक्त हादसे का शिकार हो गए। जानकारी के मुताबिक, दोनों कानों में ईयरफोन लगाकर मोबाइल चला रहे थे, इसी दौरान धामपुर की ओर से आ रही चंडीगढ़ एक्सप्रेस ने उन्हें टक्कर मार दी। तेज रफ्तार ट्रेन की आवाज ईयरफोन की वजह से सुनाई नहीं दी।

घटना के बाद गांव में मातम

हादसे की खबर मिलते ही जीआरपी और धामपुर सीओ अभय कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे। जेब से मिले आईडी कार्ड के आधार पर पहचान हुई। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद शव सौंप दिए गए।
सोमवार सुबह दोनों भाइयों की अर्थी एक साथ उठी तो पूरे गांव में मातम छा गया। अर्थी उसी रेलवे ट्रैक से होकर श्मशान घाट तक पहुंची, जहां हादसा हुआ था। इस दौरान परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

परिवार में सिर्फ बहनें बचीं

गांव मोहड़ा निवासी भूदेव और सुनील सगे भाई हैं। शिवम के पिता भूदेव ने बताया, “मैं पहले सीबीआई में कारपेंटर था। 2005 में नौकरी छोड़ने के बाद गांव में काम करता हूं। बेटा शिवम और भतीजा गोलू साथ में पढ़ाई करते थे, होशियार थे। दोनों का जाना हमारे लिए बड़ा सदमा है।”
दोनों भाइयों के जाने के बाद अब परिवार में सिर्फ बहनें बची हैं।

सीओ धामपुर अभय कुमार पांडेय ने बताया कि हादसा ट्रैक पार करते समय हुआ। मृतकों के परिजनों की मांग पर पोस्टमॉर्टम नहीं कराया गया।

Back to top button