वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में वायरल वीडियो से बवाल

मथुरा। वृंदावन स्थित प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक पुलिसकर्मी सरकारी हथियार के साथ मंदिर के गर्भगृह के बाहर जगमोहन में घूमता नजर आ रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि पुलिसकर्मी कंधे पर एके-47 राइफल टांगे हुए है और मोबाइल से फोटो खींच रहा है। बताया जा रहा है कि यह पुलिसकर्मी किसी वीआईपी की सुरक्षा में तैनात था।

देहरी पूजन के दौरान हुआ शूट

वीडियो गुरुवार दोपहर का बताया जा रहा है, जब मंदिर राजभोग आरती के बाद बंद था। इसी दौरान एक रसूखदार वीआईपी मंदिर पहुंचे और गर्भगृह की देहरी का पूजन किया। इस दौरान गर्भगृह के बाहर कुर्सियां भी लगी थीं। उसी समय पुलिसकर्मी हथियार के साथ मंदिर परिसर में घूमते हुए नजर आया।

मोबाइल से क्लिक कर रहा था फोटो

जहां आम श्रद्धालुओं के लिए फोटो खींचना सख्त मना है, वहीं पुलिसकर्मी मोबाइल से वीआईपी के फोटो खींचता दिखा। वीडियो में वह कंधे पर एके-47 राइफल टांगे और हाथ में मोबाइल लिए मौजूद है। बताया जा रहा है कि यह पुलिसकर्मी उसी वीआईपी की सुरक्षा में तैनात था। 45 सेकेंड का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा

वीडियो सामने आने के बाद लोग नाराजगी जता रहे हैं। एक यूजर ने लिखा- “मंदिर की मर्यादा तार-तार हो रही है।” वहीं नीलम गोस्वामी ने पोस्ट करते हुए सवाल किया- “क्या मंदिर में हथियार ले जाने की अनुमति है?” अन्य यूजर्स ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली और वीआईपी संस्कृति पर सवाल खड़े किए हैं।

Back to top button