
लखनऊ। विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने शनिवार को लखनऊ से ‘संभल बचाओ’ यात्रा निकाली। इसके लिए 40 कारों का काफिला तैयार किया गया था। यात्रा की शुरुआत शंखनाद से हुई और पदाधिकारियों को चंदन लगाकर भगवा गमछे पहनाए गए। हजारों कार्यकर्ताओं को संभल कूच करने से पहले ही पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया।
इससे पहले पुलिस ने परिषद के गोमती नगर स्थित मुख्यालय पर नोटिस चस्पा किया था। नोटिस में कहा गया था कि त्योहारों के मद्देनजर शांति व्यवस्था जरूरी है और सभी प्रस्तावित कार्यक्रम निरस्त किए जाएं, अन्यथा कानूनी कार्रवाई होगी।
अध्यक्ष गोपाल राय बोले- संभल कूच से कोई नहीं रोक सकता
परिषद अध्यक्ष गोपाल राय ने कहा-
“हमें संभल जाने से कोई नहीं रोक सकता। सनातन धर्म की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। रिपोर्ट ने प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है।”
उन्होंने कहा कि संभल हिंसा पर न्यायिक आयोग की रिपोर्ट में ऐसे चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं, जिनसे पता चलता है कि वहां लंबे समय से आतंकी संगठनों का नेटवर्क काम कर रहा था।
संभल में हिंदुओं की हत्या और धर्मांतरण का मुद्दा उठा
संगठन ने आरोप लगाया कि संभल में 1 लाख हिंदुओं की हत्या हो चुकी है। साथ ही दावा किया कि देशभर में हर साल 25 लाख हिंदुओं का धर्मांतरण हो रहा है। परिषद ने कहा कि यह हिंदुओं के खिलाफ बड़ी रणनीति है।
गोपाल राय बोले-
“हम हिंदुओं की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाएंगे। संभल में भी हम इसी तरीके से काम करेंगे।”








