आज से श्रवण धाम महोत्सव–2026 का शुभारंभ

अम्बेडकरनगर। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के सहयोग से जिला प्रशासन द्वारा आयोजित श्रवण धाम महोत्सव–2026 का भव्य शुभारंभ आज रविवार को किया जाएगा। विकास खंड कटेहरी अंतर्गत श्रवण क्षेत्र के चिउटीपारा में आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण तथा जनपद के प्रभारी मंत्री गिरिश चंद्र यादव करेंगे। उद्घाटन समारोह में सदस्य विधान परिषद हरिओम पांडे, विधायक कटेहरी धर्मराज निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।

श्रवण धाम परिसर सजा, तैयारियां पूरी
महोत्सव को भव्य स्वरूप देने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रवण धाम परिसर को रंग-बिरंगे फूलों, आकर्षक विद्युत सज्जा और सांस्कृतिक प्रतीकों से सजाया गया है। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं और आगंतुकों की सुविधा के लिए प्रवेश और निकास की सुव्यवस्थित व्यवस्था, बैठने के पर्याप्त इंतजाम और आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं।

प्रातः पूजन से होगी शुरुआत
शुभारंभ दिवस के कार्यक्रमों की शुरुआत प्रातः 9 बजे पूजन और हवन के साथ होगी, जो 10 बजे तक चलेगा। इसके बाद 10 से 10:30 बजे तक स्थानीय कलाकारों द्वारा भक्ति प्रस्तुतियां दी जाएंगी। 10:30 से 11 बजे तक स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, 11 से 11:30 बजे तक लोकगीत और भक्ति संगीत तथा 11:30 से 12 बजे तक लोक नृत्य की प्रस्तुति होगी।

दोपहर में भजन और विभागीय कार्यक्रम
दोपहर 12 से 1 बजे तक सनातन भजनों का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 1 से 3 बजे तक महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभागीय कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button