रामस्वरूप यूनिवर्सिटी विवाद: लाठीचार्ज के बाद छात्रों का गुस्सा फूटा

  • CM योगी ने लिया संज्ञान, पुलिस अधिकारियों पर गिरी गाज
  • NSUI ने दिया ABVP को समर्थन, महाआंदोलन की चेतावनी
  • छात्रों का आरोप – पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट के नियम तोड़े

लखनऊ। बाराबंकी के श्रीराम स्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी (SRMU) में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बुधवार को लखनऊ विश्वविद्यालय और विधानसभा के बाहर ABVP कार्यकर्ताओं ने योगी सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने “संजय प्रसाद होश में आओ, पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद, योगी सरकार मुर्दाबाद, छात्र शक्ति जिंदाबाद” जैसे नारे लगाए।

छात्रों का आरोप है कि यूनिवर्सिटी में पुलिस के साथ बाहरी गुंडे भी घुसे थे। पहले उन्होंने छात्रों को मारा और जब छात्रों ने विरोध किया तो पुलिस ने जानलेवा हमला कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लंबे समय से यूनिवर्सिटी छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। लॉ डिग्री की मान्यता को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

लॉ डिग्री की मान्यता पर विवाद

छात्रों का कहना है कि 2022 में विधि विभाग की बार काउंसिल ऑफ इंडिया से संबद्धता को लेकर जानकारी मांगी गई थी, लेकिन कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। छात्रों का आरोप है कि बिना वैधता के लॉ कोर्स चलाकर उनके करियर के साथ धोखा किया जा रहा है। छात्रों ने चेतावनी दी है कि अगर शाम तक रिपोर्ट नहीं आई तो प्रदर्शन और उग्र किया जाएगा।

सोमवार को जमकर हुआ था बवाल

ABVP कार्यकर्ता कई दिनों से SRMU में अनियमितताओं और लॉ डिग्री की मान्यता को लेकर आंदोलन कर रहे थे। सोमवार को जब छात्रों ने संबद्धता पर सवाल उठाए तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया, जिसमें दर्जनभर से ज्यादा छात्र घायल हो गए। कई को गंभीर चोटें आईं। इसके बाद छात्रों में आक्रोश और बढ़ गया।

CM योगी ने लिया संज्ञान, अधिकारियों पर कार्रवाई

घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लेते हुए पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताई। शासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सीओ सिटी हर्षित चौहान को निलंबित कर सीओ ऑफिस से सम्बद्ध कर दिया। वहीं, बाराबंकी कोतवाली प्रभारी रामकिशन राणा और चौकी इंचार्ज को लाइनहाजिर किया गया है। सभी पुलिसकर्मियों को भी पुलिस लाइन से सम्बद्ध किया गया।
सीएम ने मंडलायुक्त अयोध्या को कॉलेज की डिग्री की वैधता की जांच करने और IG अयोध्या को लाठीचार्ज मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

NSUI ने दिया ABVP को समर्थन

लाठीचार्ज में घायल ABVP कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद NSUI अध्यक्ष अनस रहमान ने कहा, “हम इस बर्बर लाठीचार्ज की निंदा करते हैं। महिलाओं और छात्राओं को भी नहीं छोड़ा गया। अगर सरकार ने इंसाफ नहीं दिया तो हम एबीवीपी के साथ मिलकर ईंट से ईंट बजा देंगे और महाआंदोलन करेंगे।”

ABVP का आरोप – पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट के नियम तोड़े

ABVP कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने छात्रों पर जानलेवा हमला किया। “वीडियो में साफ दिख रहा है कि छात्रों को गिराकर कमर से ऊपर लाठीचार्ज किया गया, जो सुप्रीम कोर्ट के नियमों का उल्लंघन है। अगर हमें न्याय नहीं मिला तो हम फिर आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।”

Related Posts

कानपुर में दुलारे ज्वैलर्स पर आयकर विभाग की कार्रवाई, बाजार में मचा हड़कंप

कानपुर। लालबंगला क्षेत्र स्थित दुलारे ज्वैलर्स में बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे आयकर विभाग की टीम ने पहुंचकर जांच शुरू कर दी। टीम ने न केवल दुकान के भीतर दस्तावेजों…

Continue reading
शीर्ष नेतृत्व से मिलकर लौटे कानपुर के निष्कासित भाजपा पार्षद

कानपुर। कानपुर के तीन निष्कासित भाजपा पार्षद पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात के बाद वापस कानपुर लौट आए हैं। पार्षदों ने बताया कि उन्होंने अपनी सभी समस्याओं और शिकायतों…

Continue reading