
नई दिल्ली। दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में धनवर्षा (अचानक धन लाभ) का लालच देकर तीन लोगों की जहर देकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने एक तांत्रिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कथित तौर पर जहर मिले लड्डू खिलाकर तीनों की हत्या की और उनके पास मौजूद नकदी लेकर फरार हो गया था। यह इस सनसनीखेज मामले में पहली गिरफ्तारी है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान कमरुद्दीन उर्फ बाबा के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद का रहने वाला है और लोनी व फिरोजाबाद में तंत्र-मंत्र का सेंटर चलाता था। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से लोगों को चमत्कार और धन लाभ का झांसा देकर ठगने का काम कर रहा था।
यह मामला 8 फरवरी को सामने आया, जब पीरागढ़ी फ्लाईओवर के पास एक बंद कार से तीन लोगों के शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान 76 वर्षीय रणधीर, 47 वर्षीय शिव नरेश सिंह और 40 वर्षीय लक्ष्मी देवी के रूप में हुई। रणधीर कार की ड्राइवर सीट पर थे, जबकि बाकी दोनों पीछे की सीट पर बैठे मिले।
जांच में सामने आया है कि कमरुद्दीन करीब एक साल से तीनों मृतकों के संपर्क में था। पुलिस को मिले CCTV फुटेज में आरोपी को घटना वाले दिन कार के पास और अंदर बैठा हुआ देखा गया है। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और लोकेशन डेटा से भी वारदात में उसकी संलिप्तता की पुष्टि हुई है।








