
- नेताओं ने कहा – संक्रमण काल में उनके विचार मार्गदर्शक
- मासिक बैठक में संगठनात्मक समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा
- बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल
अम्बेडकरनगर। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर सोमवार को उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, वरिष्ठ राजनेता, पत्रकार व साहित्य सेवी पं. कमलापति त्रिपाठी की जयंती श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके जीवन व योगदान पर आधारित विचार गोष्ठी का आयोजन भी किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष गुलाम रसूल “छोटू” ने की, जबकि संचालन युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव विशाल वर्मा ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व जिला अध्यक्ष राम कुमार पाल एवं वरिष्ठ नेता अजय सिंह “कप्तान” उपस्थित रहे।
“राजनीति उनके व्यक्तित्व का एक पक्ष मात्र था”
गुलाम रसूल “छोटू” ने कहा कि पं. कमलापति त्रिपाठी केवल एक राजनेता नहीं थे, बल्कि नैतिक मूल्यों के प्रतीक थे। उनका सम्पूर्ण जीवन समाज सेवा, पत्रकारिता, साहित्य और स्वतंत्रता संग्राम के लिए समर्पित रहा। वे हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते थे और राजनीतिक जीवन उनके व्यक्तित्व का एक पक्ष मात्र था।
“संक्रमण काल में मार्गदर्शक हैं कमलापति”
पूर्व जिला अध्यक्ष राम कुमार पाल व अजय सिंह “कप्तान” ने कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य एक संक्रमण काल से गुजर रहा है, ऐसे समय में पं. कमलापति त्रिपाठी जैसे नेताओं के विचार और मूल्य हमारी दिशा तय करने में सहायक हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेसजनों को उनके पदचिह्नों पर चलने का निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए।
माल्यार्पण के साथ विचार-विमर्श
कार्यक्रम की शुरुआत पं. कमलापति त्रिपाठी के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई, जिसके बाद विचार गोष्ठी में उनके राजनीतिक, सामाजिक व साहित्यिक योगदान पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने उनके पत्रकारिता क्षेत्र में योगदान को भी याद किया।








