लखनऊ में युवक को त्योहार के बहाने बुलाकर मारी गोली

पैर में लगने से बची जान

  • हजरतगंज निवासी युवक को बुलाकर किया हमला
  • आरोपी ने साथी से .315 बोर तमंचे से कराई फायरिंग
  • पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में लिया

लखनऊ। लखनऊ में त्योहार मनाने के बहाने बुलाकर एक युवक को गोली मारने का मामला सामने आया है। हालांकि छीना-झपटी और बचाव के दौरान गोली युवक के पैर में लगी, जिससे उसकी जान बच गई। घायल युवक का इलाज ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। उसकी पहचान हजरतगंज निवासी विभु शुक्ला के रूप में हुई है।

घटना शुक्रवार रात करीब 11:15 बजे की बताई जा रही है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर गोली चलाने वाले आरोपी मोहम्मद वाजिद को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार उसने मोहम्मद शफीक के कहने पर फायरिंग की थी।

फोन कर बुलाया, फिर शुरू की गाली-गलौज

घायल विभु शुक्ला ने पुलिस को बताया कि मोहम्मद शफीक ने उसे फोन कर त्योहार मनाने के बहाने बुलाया था। मौके पर पहुंचते ही शफीक ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।

पीड़ित के मुताबिक शफीक ने अपने साथी वाजिद से कहा, “तमंचा निकाल और इसे गोली मार दो।” इसके बाद शफीक ने उसे पकड़ लिया और वाजिद ने .315 बोर के तमंचे से फायर कर दिया।

वारदात के बाद दी धमकी

विभु ने बताया कि गोली लगने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। भागने से पहले शफीक ने उसके कान में धमकी देते हुए कहा कि अगर घटना के बारे में किसी को बताया तो अंजाम बहुत बुरा होगा।

गोली पैर में लगने से युवक की जान बच गई। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

इंस्पेक्टर विक्रम सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button