
- स्टाफ को खींचकर सैलून मालिक के घर की छत पर पीटा
- दो आरोपियों की पहचान – प्रखर जायसवाल और अमन जायसवाल
- पुलिस ने तहरीर पर केस दर्ज, CCTV फुटेज खंगालने की कार्रवाई
लखनऊ। विकास नगर के शेखुपुरा कॉलोनी स्थित सिग्नेचर मेन्स सैलून में मंगलवार शाम करीब 5:16 बजे विवाद बढ़ गया। सैलून में तेज आवाज में गाना बजने पर बाल कटवाने आए युवक ने आवाज धीमी करने को कहा। इसके बाद कुछ ही मिनटों में उसने अपने साथियों को बुला लिया।
करीब 10 मिनट में काली हुंडई वेन्यू (UP32 QA 2840) सैलून के बाहर रुकी। उसमें से छह युवक उतरे और बिना कोई सवाल किए सैलून स्टाफ पर हमला कर दिया। हमलावरों ने स्टाफ को खींचकर सैलून मालिक के घर की छत पर ले जाकर बेरहमी से पीटा। सैलून मालिक के पिता बीच-बचाव के लिए आए तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की गई।
पीड़ित रमन शर्मा ने बताया कि हमले में शामिल दो लोगों की पहचान हो गई है – प्रखर जायसवाल और अमन जायसवाल। सैलून में पिछले 10 साल से कभी भी विवाद या मारपीट की घटना नहीं हुई थी। घटना के बाद कर्मचारी और मालिक का परिवार डरा हुआ है।
विकासनगर थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर दिया है। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी है।








