
- 2 घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा
- आखिर में दूसरे युवक से कराई गई शादी
- पुलिस ने दूल्हे के पिता और भाई को हिरासत में लिया
आगरा। आगरा के एत्मादपुर क्षेत्र में शुक्रवार रात एक शादी समारोह के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब जयमाल के वक्त दूल्हा अचानक स्टेज छोड़कर भाग गया। बताया जा रहा है कि बारात में आई एक महिला ने खुद को दूल्हे की पत्नी बताया, जिससे माहौल पूरी तरह बदल गया।
महिला के दावे से मचा बवाल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 4 गाड़ियों से आई महिला ने हंगामा करते हुए कहा कि दूल्हा उसका पति है। इस दावे के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और बाराती भी धीरे-धीरे वहां से खिसकने लगे।
कहानी में बड़ा ट्विस्ट
मामले में उस समय नया मोड़ आया जब दूल्हे के बड़े भाई ने सामने आकर दावा किया कि महिला उसकी पत्नी है और दूल्हे की भाभी है। उसने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी का उसके छोटे भाई (दूल्हे) के साथ लंबे समय से अफेयर चल रहा है और वह उसे छोड़कर उसी से शादी करना चाहती है।
2 घंटे तक चला ड्रामा
करीब दो घंटे तक चले इस हंगामे के दौरान शादी पूरी तरह रुक गई। अधिकतर बाराती मौके से चले गए, जबकि लड़की पक्ष के लोग असमंजस में पड़े रहे।
आखिरकार हुई शादी
लड़की शादी के जोड़े में देर रात तक बैठी रही। अंततः परिजनों ने वहीं मौजूद एक अन्य युवक से उसकी शादी करा दी, ताकि स्थिति संभाली जा सके।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने मामले में दूल्हे के पिता और बड़े भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बारात टूंडला (फिरोजाबाद) से आई थी।









