लखनऊ। राजधानी लखनऊ में बुधवार दोपहर समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यालय के बाहर एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। आग लगते ही मौके पर भगदड़ मच गई। वहां मौजूद लोगों ने कंबल डालकर किसी तरह आग बुझाई। तब तक युवक करीब 80% तक झुलस चुका था।
पुलिसकर्मियों ने घायल युवक को ई-रिक्शा से सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सिविल अस्पताल के CMS डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि युवक के सीने और चेहरे का कुछ हिस्सा ही बचा है, बाकी पूरा शरीर जल गया है। जरूरत पड़ने पर उसे KGMU रेफर किया जाएगा।
युवक की पहचान और आरोप
घायल युवक की पहचान अलीगढ़ निवासी योगेंद्र उर्फ बॉबी (48) के रूप में हुई है। वह बुधवार को अपने भाई और गांव की एक महिला परिचित के साथ लखनऊ आया था। योगेंद्र ने आरोप लगाया कि सपा विधायक शमीम अहमद के भाई और उनके सहयोगी उसके घर पर कब्जा करना चाहते हैं। उसने कहा कि उसने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक तक कई बार शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
योगेंद्र ने सीएम और डिप्टी सीएम को संबोधित पत्र भी लिखा है, जिसमें उसने सपा विधायक के भाई पर दबंगई और रुपये छीनने, घर कब्जाने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। उसने यह भी कहा कि पुलिस उसकी मदद करने के बजाय रिश्वत मांग रही है।
घटना के बाद सियासत गरमाई
घटना के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था चरमराई हुई है और लोगों को न्याय के लिए खुद पर आग लगानी पड़ रही है।








