
अम्बेडकरनगर। जनपद में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” के अंतर्गत विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान राष्ट्रीय स्तर पर संचालित हो रहा है और जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों पर इसका व्यापक असर दिखेगा। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि इसका उद्देश्य महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए उन्हें बेहतर जीवनशैली की ओर प्रेरित करना है।
हर स्वास्थ्य केंद्र पर चलेगा विशेष शिविर
जिले के सभी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), जिला अस्पताल और चिन्हित निजी स्वैच्छिक चिकित्सालयों पर विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इन शिविरों में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श, टीकाकरण, पोषण सलाह और आयुष्मान भारत योजना के तहत ABHA और PM-JAY कार्ड का वितरण किया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत हर महिला तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना, बच्चों को कुपोषण और संक्रमण से सुरक्षा देना और परिवार को सशक्त बनाना मुख्य लक्ष्य रखा गया है।
महिलाओं और बच्चों पर रहेगा विशेष फोकस
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शिविरों में निम्न प्रमुख सेवाएं दी जाएंगी:
महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच (ANC)
किशोरियों व महिलाओं में एनीमिया की जांच
बच्चों और गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण
मासिक धर्म स्वच्छता, पोषण और मानसिक स्वास्थ्य पर परामर्श
कैंसर, टीबी, मधुमेह और उच्च रक्तचाप की स्क्रीनिंग
पोषण और आहार संबंधी जानकारी
आयुष्मान कार्ड और स्वास्थ्य पहचान पत्र (ABHA ID) का वितरण
स्वास्थ्य केंद्र पर जाना सुनिश्चित करें: प्रशासन
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने जिले की समस्त महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के माता-पिता से अपील की है कि वे सुबह 10 बजे से दोपहर 4 बजे तक अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण और परामर्श सेवाएं प्राप्त करें।









