
- विमान लैंड होते ही CISF ने 9 यात्रियों को हिरासत में लिया
- बाथरूम समझकर बटन दबाया, पहली बार फ्लाइट में सफर कर रहे थे सभी
- ATS, पुलिस और इंटेलिजेंस एजेंसियां जांच में जुटीं
वाराणसी। बेंगलुरु से वाराणसी आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट (IX-1086) में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक यात्री ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कोशिश की। कैप्टन ने हाईजैक की आशंका में दरवाजा नहीं खोला और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचना दी। जैसे ही विमान वाराणसी एयरपोर्ट पर लैंड हुआ, CISF ने आरोपी यात्री और उसके आठ साथियों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक 9 दोस्तों का यह ग्रुप बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने वाराणसी आ रहा था। सभी बेंगलुरु के निवासी और टैक्सी ड्राइवर हैं। शुरुआती जांच में सामने आया कि यात्री मनि आर ने शौचालय समझकर कॉकपिट का बटन दबा दिया। जब क्रू ने उसे रोका तो वह अंदर जाने की जिद करने लगा और उसके साथी भी वहां पहुंच गए।
एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता ने कहा कि मजबूत सुरक्षा और प्रोटोकॉल लागू थे और किसी भी तरह से समझौता नहीं हुआ। वाराणसी पुलिस ने सभी के मोबाइल और कॉल डिटेल खंगालना शुरू कर दिया है। अभी तक तलाशी में कोई संदिग्ध सामान नहीं मिला है।
जानकारी के अनुसार फ्लाइट सुबह 8:14 बजे बेंगलुरु से उड़ी थी और 10:20 बजे वाराणसी पहुंची। जैसे ही विमान लैंड हुआ, CISF ने तुरंत कार्रवाई कर नौ यात्रियों को पकड़ लिया। एटीएस, एलआईयू और अन्य एजेंसियां भी जांच में जुट गई हैं।
भारत में पिछले पांच वर्षों में 375 से अधिक लोगों को नो-फ्लाई लिस्ट में डाला गया है। 2023 में 110 और 2024 में 82 यात्रियों पर बैन लगाया गया था। 2025 में जुलाई तक 48 लोग इस सूची में शामिल हो चुके हैं।









