वाराणसी में सिलेंडर ब्लास्ट से मकान ढहा: भाई-बहन की मौत

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां गैस सिलेंडर फटने से एक पूरा मकान ढह गया। इस हादसे में भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां और बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।

खाना बनाते समय हुआ भीषण धमाका

घटना सुबह करीब साढ़े 7 बजे लहरतारा इलाके में हुई, जो काशी विश्वनाथ मंदिर से लगभग 7 किलोमीटर दूर स्थित है। बताया जा रहा है कि घर में खाना बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर में धमाका हो गया।

धमाका इतना तेज था कि एक मंजिला मकान पूरी तरह से धराशायी हो गया और आसपास के कई मकानों में भी दरारें आ गईं। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए और मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुट गए।

मलबे में दबे चार लोग, दो की मौत

हादसे के समय घर में एक ही परिवार के चार लोग मौजूद थे। धमाके के बाद सभी मलबे में दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

मलबे से चारों लोगों को बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने ओम कुमार चौधरी (31) और उनकी बहन प्रीति उर्फ लक्ष्मी (28) को मृत घोषित कर दिया।

वहीं, उनकी मां गिरिजा देवी (60) और बड़ा भाई अमन चौधरी (33) गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज बीएचयू ट्रामा सेंटर में चल रहा है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

जानकारी के अनुसार, गिरिजा देवी अपने दो बेटों अमन और ओम तथा बेटी प्रीति के साथ लहरतारा में रहती थीं। अमन प्राइवेट नौकरी करता है, जबकि ओम किराए पर कार चलाकर परिवार का खर्च चलाता था।

प्रीति पढ़ाई कर रही थी और घर के काम में मां का सहयोग करती थी। परिवार के मुखिया आत्मा प्रसाद की करीब तीन साल पहले ही मौत हो चुकी थी। अब इस हादसे ने परिवार को पूरी तरह से झकझोर कर रख दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button