लखनऊ। दिवाली और छठ पर्व पर घर लौटने वालों की भीड़ से ट्रेनों में टिकटों के लिए जबरदस्त मारामारी मच गई है। दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, कोलकाता, पटना और बेंगलुरु जैसे प्रमुख शहरों से आने-जाने वाली लगभग सभी ट्रेनों में सीटें फुल हो चुकी हैं। टिकट बुकिंग साइट्स पर ज्यादातर ट्रेनों में 100 से अधिक वेटिंग या रिग्रेट दिखा रहा है।
64 स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला, फिर भी सीटें फुल
त्योहारी सीजन की भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल ने 64 स्पेशल ट्रेनें चलाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा था, जिसे मंजूरी मिल चुकी है। 15 अक्टूबर से इन ट्रेनों का संचालन चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। बावजूद इसके सभी रूटों पर भारी भीड़ बनी हुई है। केवल प्रयागराज–गोरखपुर वंदे भारत एक्सप्रेस में फिलहाल 552 सीटें खाली हैं।
लोकल यात्रियों के लिए मेमू और सर्कुलर स्पेशल ट्रेनें
रेलवे प्रशासन ने लंबी दूरी के यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय यात्रियों की सुविधा पर भी ध्यान दिया है। सुल्तानपुर–वाराणसी और लखनऊ–कानपुर के बीच मेमू ट्रेनें चलाई जा रही हैं। प्रयागराज, वाराणसी और अयोध्या को जोड़ने के लिए सर्कुलर स्पेशल ट्रेनें भी तैयार की जा रही हैं। वहीं, सुल्तानपुर–लखनऊ होकर मुंबई के लिए भी एक नई ट्रेन चलाने की योजना है।
लखनऊ-दिल्ली रूट पर बढ़ेगी बोगियों की संख्या
त्योहारों के दौरान लखनऊ-दिल्ली रूट पर भी भारी दबाव है। इस वजह से रेलवे ने अतिरिक्त बोगियां लगाने और कुछ ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने पर विचार शुरू किया है। उत्तर रेलवे लखनऊ डिवीजन के सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि “छोटी दूरी की ट्रेनों को रणनीति में शामिल किया गया है ताकि मुख्य गाड़ियों और प्लेटफॉर्म्स पर दबाव कम हो सके।”
वेटिंग लिस्ट 150 तक पहुंची, वंदे भारत और शताब्दी भी फुल
लखनऊ से बिहार और कोलकाता की ओर जाने वाली गोरखधाम, श्रमजीवी और कोलकाता एक्सप्रेस में स्लीपर व 3एसी की सभी सीटें बुक हो चुकी हैं। कई ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट 150 तक पहुंच गई है। वहीं दिल्ली और मुंबई से लखनऊ व गोरखपुर की ओर आने वाली ट्रेनों में भी कोई सीट खाली नहीं है। शताब्दी और वंदे भारत एक्सप्रेस में चेयरकार की सभी सीटें बुक हैं।
मॉनिटरिंग सेल और एंटी फ्रॉड दस्ता सक्रिय
त्योहारों में टिकटों की बढ़ती मांग को देखते हुए रेलवे ने वेटिंग मॉनिटरिंग सेल बनाया है। यह टीम ट्रेनों में बढ़ती वेटिंग पर नजर रखेगी और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त कोच जोड़ेगी। वहीं एंटी फ्रॉड दस्ता को भी सक्रिय किया गया है, जो आरक्षण केंद्रों पर दलालों और तत्काल कोटे में गड़बड़ियों पर निगरानी रखेगा।








