10266 किलो विस्फोटक सामग्री बरामद, गोदाम सील, केस दर्ज

  • दिवाली से पहले अवैध पटाखों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की
  • शहजादपुर और जोगापुर में दो छापों में 10,266 किलो पटाखे जब्त
  • इंद्रलोक कॉलोनी में 1,244 किलो, जोगापुर गोदाम में 9,022 किलो पटाखे बरामद

अम्बेडकरनगर। दिवाली से पहले पटाखों की अवैध बिक्री पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटाखा व्यवसायी के घर और गोदाम पर छापा मारकर भारी मात्रा में अवैध पटाखे बरामद किए हैं। बरामद माल की अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

यह कार्रवाई दो चरणों में की गई। पहले शहजादपुर के इंद्रलोक कॉलोनी स्थित घर पर छापा मारा गया, फिर जोगापुर स्थित गोदाम की तलाशी ली गई। दोनों स्थानों से कुल 10266 किलोग्राम अवैध पटाखे जब्त किए गए हैं।

इंद्रलोक कॉलोनी में 1244 किलो पटाखे बरामद

बुधवार सुबह क्षेत्राधिकारी नीतीश कुमार, कोतवाल श्रीनिवास पांडेय और फायर विभाग की टीम ने इंद्रलोक कॉलोनी निवासी अवधेश कसौधन के घर पर छापा मारा। यहां 31 बोरों में भरे हुए 1244 किलो अवैध पटाखे बरामद किए गए।

जांच में सामने आया कि अवधेश के पास केवल 25 किलो गन पाउडर के भंडारण का लाइसेंस था, जबकि उससे कई गुना अधिक मात्रा में पटाखे घर में जमा कर रखे गए थे। यह पूरी तरह से नियमों का उल्लंघन है।

जोगापुर गोदाम से 9022 किलो विस्फोटक सामग्री जब्त

इसके बाद दोपहर में उपजिलाधिकारी सदर प्रतीक्षा सिंह, सीओ नीतीश कुमार और पुलिस टीम ने जोगापुर स्थित पटाखा गोदाम पर छापा मारा। यहां भी उसी लाइसेंस पर 25 किलो की अनुमति होने के बावजूद 9022 किलो पटाखे अवैध रूप से संग्रहीत पाए गए।

पुलिस ने गोदाम को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है। मौके पर अग्निशमन विभाग की टीम भी मौजूद रही, जिसने विस्फोटक सामग्री के सुरक्षित निस्तारण की प्रक्रिया शुरू की।

Back to top button