
- विधायक राम अचल राजभर के बयान पर सियासी तापमान बढ़ा
- सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर हिंदू संगठनों में रोष
- अंबेडकर प्रतिमा प्रांगण में प्रदर्शन और कलेक्ट्रेट में ज्ञापन
अंबेडकरनगर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व विधायक राम अचल राजभर के बयान को लेकर जिले में सियासी तापमान चढ़ गया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में उनके कथित बयान को लेकर हिंदू संगठनों ने नाराजगी जाहिर की है। शुक्रवार को अंबेडकर प्रतिमा प्रांगण में संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए कार्रवाई की मांग की।
हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया कि विधायक ने एक जनसभा के दौरान अपने भाषण में समाज सुधारक पेरियार का हवाला देते हुए रामायण को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि विधायक ने रामायण को फाड़ने और जलाने जैसी बातें कहकर सनातन धर्म के प्रति गहरी असंवेदनशीलता दिखाई है। इसके साथ ही उन्होंने बागेश्वर धाम के प्रमुख पंडित धीरेन्द्र शास्त्री को लेकर भी कथित तौर पर आपत्तिजनक बयान दिया और अयोध्या व कुंभ जैसे धार्मिक आयोजनों में भाग न लेने की बात कहकर समाज में वैमनस्य फैलाने की कोशिश की।
कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन, ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग
प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट स्थित अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर एकत्र होकर नारेबाजी की और क्षेत्राधिकारी नगर नीतीश तिवारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि विधायक के बयान पर तत्काल संज्ञान लेते हुए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रदर्शन में शुभम सिंह पालीवाल, प्रतीक पांडेय, प्रतीक उपाध्याय, अभिषेक पांडेय, प्रदीप यादव, विकास सिंह, शुभम सिंह राजावत, विशाल शुक्ला, पंकज सिंह व अभिषेक विश्वकर्मा समेत कई संगठन प्रतिनिधि मौजूद रहे।









