- जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में विद्युत योजनाओं की समीक्षा बैठक
- सौभाग्य, आरडीएसएस और स्मार्ट मीटर परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा
- गुणवत्तापरक और समयबद्ध कार्यों पर जोर
अंबेडकरनगर। जनपद में संचालित विद्युत योजनाओं की प्रगति को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सौभाग्य योजना, आरडीएसएस योजना और स्मार्ट मीटर परियोजना के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में अधीक्षण अभियंता (विद्युत), अधिशासी अभियंता, एई (मीटर), उपखंड अधिकारी, आरडीएसएस योजना की कार्यदायी संस्था और स्मार्ट मीटर योजना से जुड़ी एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
गुणवत्तापरक और समयबद्ध कार्यों पर दिया गया जोर
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़ी इन योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सौभाग्य योजना के अंतर्गत जो कार्य शेष हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने अधिशासी अभियंताओं को निर्देशित किया कि सभी कार्यों की नियमित मॉनीटरिंग की जाए ताकि गुणवत्तापरक निष्पादन सुनिश्चित हो सके।
उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान का निर्देश
विद्युत बिलों में त्रुटियों और उपभोक्ता शिकायतों को लेकर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस पोर्टल, 1912 हेल्पलाइन और कार्यालय स्तर पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण किया जाए। उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी न हो, यह सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड अकबरपुर द्वारा जानकारी दी गई कि 16 अक्टूबर को जनपद के चारों खंडों में बिल संबंधी कुल 59 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका स्थल पर ही समाधान कर दिया गया। जिन बिलों में त्रुटियां थीं, उनमें आवश्यक संशोधन भी कर दिए गए हैं।








