- फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र में जयपुर हाईवे पर हादसा
- पुलिस टीम राजस्थान से महिला की गुमशुदगी में दबिश देकर लौट रही थी
- 5 घायल, घायलों को आगरा रेफर किया गया
आगरा। फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह 5 बजे एक भीषण सड़क हादसे में निबोहरा थाने के सिपाही गौरव प्रताप सिंह और कार चालक देवा की मौत हो गई। हादसा तब हुआ जब बेकाबू अर्टिगा कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।
जानकारी के अनुसार, कार में कुल 8 लोग सवार थे, जिनमें थाने के एसआई गौरव कुमार, कॉन्स्टेबल गौरव प्रताप सिंह, ग्रामीण गोविंद, उसके भाई अरविंद, ग्राम प्रधान सत्येंद्र, गोविंद का बहनोई रवि कुमार और चालक देवा शामिल थे। पुलिस टीम राजस्थान के सूरतगढ़ से एक महिला की गुमशुदगी का पता लगाने के बाद लौट रही थी।
टक्कर इतनी तेज थी कि अर्टिगा की छत पूरी तरह उड़ गई। हेड कॉन्स्टेबल और चालक के शव कार के बोनट में फंस गए, जिन्हें नेशनल हाईवे अथॉरिटी के कर्मचारियों ने कटर से काटकर बाहर निकाला। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर किया गया।
हादसे की वजह झपकी बताई जा रही है
शुरुआती जांच में सामने आया कि चालक को झपकी आने की वजह से कार बेकाबू हुई और ट्रक से टकराई। राहगीरों ने तुरंत सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने घायलों को CHC सीकरी पहुंचाया।
परिवार में मातम, बच्चे अनजान
कार चालक देवा के घर मातम पसरा है। पत्नी प्रियंका और तीन छोटे बच्चे पिता की मौत से अनजान हैं। सिपाही गौरव प्रताप सिंह, जो 2011 बैच के थे और बुलंदशहर के मिर्जापुर थाने के खुर्जा निवासी थे, उनके आठ साल के बेटे के साथ परिवार में गम की लहर है।








